हारिस ने हरियाणा में एआईटीए लॉन टेनिस चैम्पियनशिप में दोनों खि़ताब अपने नाम किये
- DSS Admin
- May 15, 2026
प्रयागराज, 15 मई (हि.स)। संत जोसफ कॉलेज, प्रयागराज के कक्षा 8 के छात्र हारिस खान ने गुरुग्राम, हरियाणा में 11 से 15 मई तक आयोजित एआईटीए चैम्पियनशिप सीरीज अंडर-14 लॉन टेनिस टूर्नामेंट में लगातार तीसरे सप्ताह शानदार प्रदर्शन करते हुए एकल एवं डबल्स दोनों का खिताब अपने नाम किये।
यह जानकारी हारिस के कोच असद इकबाल और सैफ इकबाल ने दी। उन्होंने बताया कि हारिस ने प्रतियोगिता में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। एकल मुकाबले के फाइनल में प्रतियोगिता के द्वितीय सीडेड राजस्थान के हर्ष बंसल को 6-1 एवं 6-4 से हराकर चैम्पियनशिप के खिताब पर अपना कब्ज़ा किया। युगल मुकाबले में हारिस खान और राजस्थान के हर्ष बंसल के साथ मिलकर विभोर श्रीवास्तव और कुनाल यादव की जोड़ी को 6-0, 6-1 से सीधे सेटों में हराकर युगल का खि़ताब अपने नाम किया।
कोच ने बताया कि इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद हारिस को तीन सप्ताह में एआईटीए के कुल 110 रैंकिंग अंक प्राप्त हुए। इन अंकों के साथ राष्ट्रीय रैंकिंग में हारिस शीर्ष 20 में स्थान प्राप्त करने में सफल होंगे। हारिस की इस उपलब्धि पर उनके कोच असद इकबाल और सैफ इकबाल ने उन्हें बधाई दी तथा भविष्य के टूर्नामेंट्स में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।

