हिमाचल में भीषण गर्मी का कहर, ऊना में पारा 43 डिग्री पार, छह दिन आंधी-बारिश का अलर्ट

शिमला, 10 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में जून की गर्मी ने इस बार पहाड़ और मैदान दोनों को झुलसा दिया है। राज्य के निचले और मैदानी इलाकों में बुधवार को भी गर्मी का जोरदार असर देखने को मिला। ऊना में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। लगातार बढ़ते तापमान और तेज धूप के कारण दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम दिखाई दी।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया, जो यह दर्शाता है कि पूरे राज्य में सामान्य से ज्यादा गर्मी पड़ रही है। राहत की बात यह है कि 11 जून से मौसम करवट लेने वाला है और अगले छह दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है।

बुधवार को अधिकतम तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो ऊना 43.2 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। इसके बाद हमीरपुर जिला के नेरी 39.9, कांगड़ा 38.5, मंडी 38.5, सुंदरनगर 38.4, बरठीं 38.0, भुंतर 36.4, नाहन 36.1, धर्मशाला 35.0, जुब्बड़हट्टी 31.6, शिमला 28.3, मनाली 28.0, ताबो 25.2, केलांग 23.9, कल्पा 23.7 और कुफरी में 23.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। हिल स्टेशनों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दिया। शिमला का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक और मनाली का तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। सामान्य तौर पर सुहावने माने जाने वाले इन पर्यटन स्थलों पर भी लोगों को गर्मी का एहसास हो रहा है।

गर्मी का असर केवल दिन तक सीमित नहीं है, रातें भी सामान्य से अधिक गर्म बनी हुई हैं। न्यूनतम तापमान के आंकड़ों के अनुसार पांवटा साहिब 29.0 डिग्री के साथ सबसे गर्म रात वाला क्षेत्र रहा। इसके बाद देहरा गोपीपुर 26.0, बिलासपुर 25.5, नेरी 24.0, मंडी 22.1, जुब्बड़हट्टी 22.0, कांगड़ा 21.6, ऊना 21.2, सुंदरनगर और बरठीं 20.6, शिमला 19.4, सोलन 19.0, धर्मशाला 18.8, नाहन 18.3, पालमपुर 17.0, भुंतर 16.9, चंबा 16.5, सराहन 15.6, सिओबाग 14.6, मनाली 14.5, भरमौर 14.0, कुफरी 13.7, कल्पा 8.6, ताबो 7.1, कुकुमसेरी 6.6 और केलांग में 6.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

शिमला का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री और मनाली का 2.3 डिग्री अधिक रहा, जिससे रात के समय भी लोगों को अपेक्षित ठंडक नहीं मिल सकी।

हालांकि अब मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार 11 जून से एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश को प्रभावित करेगा। इसके चलते 11 और 12 जून को कई क्षेत्रों में तेज हवाएं, गरज-चमक, बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना है। इन दिनों के लिए येलो तथा कुछ इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 11 जून को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 12 जून को भी इसी तरह का मौसम बना रहेगा। 13 जून को भी कई स्थानों पर गर्जन और तेज हवाओं के साथ बारिश का येलो अलर्ट रहेगा। 14 जून को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और छिटपुट वर्षा होने की संभावना है। 15 और 16 जून को भी प्रदेश के विभिन्न भागों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।

---------------

   

सम्बंधित खबर