हिमाचल में 22 जून तक आंधी-बारिश का अलर्ट, तीन दिन ओलावृष्टि की चेतावनी
- DSS Admin
- Jun 17, 2026
शिमला, 17 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज अगले छह दिनों तक बदला-बदला रहने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 22 जून तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं 17 से 19 जून तक कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इससे सेब, आड़ू, प्लम, खुबानी जैसे गुठलीदार फलों और मौसमी सब्जियों को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है। प्रदेश में पहले भी कई बार ओलावृष्टि से बागवानों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है।
बुधवार सुबह शिमला में मौसम मिला-जुला रहा। शहर के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहे तो बीच-बीच में धूप भी निकलती रही। प्रदेश के अन्य इलाकों में भी कहीं बादल तो कहीं धूप का दौर देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार आज अलग-अलग स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज और बिजली गिरने की संभावना है। 18 व 19 जून को भी यही स्थिति बनी रहेगी और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि का ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है 20, 21 और 22 जून को गरज-चमक और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी रहेगा। 23 जून को मौसम अपेक्षाकृत शांत रहने का अनुमान है।
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 60.1 मिलीमीटर वर्षा कटौला में हुई। इसके अलावा मंडी में 37.2 मिमी, जोगिंद्रनगर में 16.0 मिमी, पंडोह में 15.8 मिमी, बग्गी में 12.0 मिमी, भुंतर में 8.6 मिमी, रामपुर में 3.3 मिमी, कुफरी में 3.0 मिमी, जौत और गोहर में 2-2 मिमी, सियोबाग में 1.8 मिमी तथा शिमला में 1.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। शिमला, जुब्बड़हट्टी, कांगड़ा, भुंतर, सुंदरनगर और कुफरी में गरज-चमक की गतिविधियां भी रिकॉर्ड की गईं। नेरी में 37 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चली।
न्यूनतम तापमान की बात करें तो सबसे कम 6.8 डिग्री सेल्सियस कुकुमसेरी में दर्ज किया गया। इसके बाद कल्पा 10.0, केलांग 10.1, ताबो 10.9, मनाली 12.5, कुफरी 12.9, सियोबाग 14.5, शिमला 16.2, धर्मशाला 16.7, सोलन 17.6, भुंतर 17.8, सराहन 18.3, नाहन 18.3, पालमपुर 18.5, जुब्बड़हट्टी 18.6, सुंदरनगर 19.0, ऊना 19.0, चंबा 19.0, मंडी 19.5, बरठीं 20.2, कांगड़ा 21.6, बिलासपुर 22.0, नेरी 22.1, देहरा गोपीपुर 25.0 और पांवटा साहिब 26.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा लगातार आगे बढ़ रही है। अनुकूल परिस्थितियां बनी रहीं तो मानसून 25 जून के आसपास हिमाचल प्रदेश में दस्तक दे सकता है। सामान्य तौर पर शिमला में मानसून जून के अंतिम सप्ताह में पहुंचता है।
---------------

