मुख्यमंत्री सैनी ने चंडीगढ़ में साइकिल चलाकर दिया ईंधन की बचत का संदेश
- DSS Admin
- May 19, 2026
चंडीगढ़, 19 मई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार सुबह साइकिल से सफर कर प्रदेशवासियों को ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री सुबह-सुबह चंडीगढ़ में सुखना लेक पहुंचे, जहां उन्होंने मॉर्निंग वॉक करने आए लोगों से मुलाकात कर स्वस्थ भारत-स्वस्थ हरियाणा का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों और मिडल ईस्ट में बने हालात के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ऊर्जा संरक्षण में सहयोग की अपील की है। प्रधानमंत्री ने आमजन से पेट्रोल-डीजल की बचत करने, सुरक्षित यात्रा करने, इलेक्ट्रिक वाहनों का अधिक उपयोग करने तथा अनावश्यक ईंधन खपत कम करने का आह्वान किया है। हरियाणा सरकार ने भी प्रधानमंत्री के इस आह्वान को गंभीरता से लेते हुए राज्य स्तर पर मानक संचालन प्रक्रिया जारी की है। इसके तहत वर्चुअल मीटिंग्स को बढ़ावा देने, वर्क फ्रॉम होम जैसे विकल्प अपनाने तथा सरकारी कार्यप्रणाली में ऊर्जा बचत को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों और अभियानों के माध्यम से आमजन को भी इस मुहिम से जोड़ेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प केवल सरकार का नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विपक्ष से भी राजनीति से ऊपर उठकर प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में भी प्रधानमंत्री ने जब देशवासियों से सहयोग की अपील की थी, तब पूरे देश ने एकजुट होकर उसका पालन किया और सामूहिक प्रयासों से भारत उस संकट से सफलतापूर्वक बाहर निकला। उसी प्रकार आज भी यदि सभी नागरिक ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को अपना दायित्व मानकर आगे आएंगे तो देश हर चुनौती का मजबूती से सामना करेगा।
---------------

