हसीना की भतीजी ट्यूलिप के खिलाफ ढाका अदालत ने आरोप तय करने की सुनवाई एक सितंबर तक टाली

ढाका, 28 जून (हि.स.)। बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की भतीजी और ब्रिटेन की पूर्व मंत्री ट्यूलिप रिजवाना सिद्दीकी के खिलाफ एक स्थानीय अदालत आज आरोप नहीं तय कर सकी। अदालत ने सुनवाई एक सितंबर तक के लिए टाल दी। ब्रिटेन की लेबर पार्टी की नेता ट्यूलिप लंदन में रहती हैं।

ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, ढाका स्पेशल जज कोर्ट-5 के जज मोहम्मद अब्दुल्ला अल मामून ने ट्यूलिप और राजुक के पूर्व असिस्टेंट लीगल एडवाइज़र सरदार मोशर्रफ हुसैन के खिलाफ आरोप तय नहीं किए। उन्होंने गुलशन-2 में धोखाधड़ी से एक फ्लैट हासिल करने के मामले में आरोप तय करने की सुनवाई एक सितंबर तक के लिए टाल दी। भ्रष्टाचार निरोधक आयोग के वकील मीर अहमद अली सलाम ने इसकी पुष्टि की।

उन्होंने बताया कि आरोप तय करने की सुनवाई के लिए रविवार का दिन तय किया गया था। जमानत पर रिहा हो चुके सरदार मोशर्रफ हुसैन के पक्ष ने सुनवाई की तैयारी के लिए और समय मांगा। इसके बाद अदालत ने सुनवाई की तारीख बदलकर एक सितंबर कर दी। आठ अप्रैल को ढाका मेट्रोपॉलिटन सीनियर स्पेशल जज कोर्ट के जज मोहम्मद सब्बीर फैज ने मामले को ढाका स्पेशल जज कोर्ट-5 में ट्रांसफर किया था। 18 फरवरी को अदालत ने ट्यूलिप और सरदार मोशर्रफ हुसैन के खिलाफ चार्जशीट पर संज्ञान लिया था। उसी दिन, अदालत ने दोनों आरोपितों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।

आयोग ने पिछले साल 15 अप्रैल को ट्यूलिप, राजुक के पूर्व असिस्टेंट लीगल एडवाइजर शाह मोहम्मद खोसरुज्जमान और पूर्व असिस्टेंट लीगल एडवाइजर-1 सरदार मोशर्रफ हुसैन के खिलाफ मामला दर्ज किया था। आरोप है कि उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग करके गुलशन में ईस्टर्न हाउसिंग लिमिटेड का एक फ्लैट गैरकानूनी तरीके से हासिल किया था।

मामला दर्ज होने के बाद जुलाई में आरोपित शाह मोहम्मद खोसरुज्जमान ने उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर की। याचिका पर कार्रवाई करते हुए उच्च न्यायालय ने उनके खिलाफ जांच पर तीन महीने के लिए रोक लगा दी। बाद में आयोग ने चैंबर कोर्ट का रुख किया। आयोग ने 11 दिसंबर को जांच पूरी करने के बाद ट्यूलिप और सरदार मोशर्रफ हुसैन के खिलाफ धारा 161, 165A, 467, 468, 471 और 109 और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1947 की धारा 5(2) के तहत चार्जशीट दाखिल की।

उल्लेखनीय है कि सांसद ट्यूलिप ब्रिटिश-बांग्लादेशी राजनीतिज्ञ हैं। वे 2015 से लंदन के 'हैम्पस्टेड और हाईगेट' (पूर्व में हैम्पस्टेड और किलबर्न) क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। वह बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की भतीजी और बांग्लादेश के संस्थापक शेख मुजीबुर रहमान की नातिन हैं। उनकी मां शेख रेहाना हैं। ट्यूलिप लेबर पार्टी की सदस्य हैं। उन्होंने जुलाई 2024 से जनवरी 2025 तक ब्रिटिश ट्रेजरी में आर्थिक सचिव और शहरीमंत्री के रूप में कार्य किया। उन्होंने जनवरी 2025 में अपने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

---------------

   

सम्बंधित खबर