स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : आरामबाग मेडिकल कॉलेज में विधायक हेमंत बाग का सख्त संदेश

हुगली, 19 मई (हि. स.)। आरामबाग मेडिकल कॉलेज में विधायक हेमंत बाग ने मंगलवार को अचानक आरामबाग प्रफुल्ल चंद्र सेन मेडिकल कॉलेज का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कड़ा रुख अपनाया। विधायक ने चिकित्सा सेवाओं के साथ-साथ प्रशासनिक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।

इस दौरान उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों के साथ बैठक कर अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आम लोगों की चिकित्सा सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अस्पताल को लेकर पूर्व में सामने आए विभिन्न शिकायतों का भी उल्लेख किया। अस्पताल की आधारभूत संरचना, मरीज सेवाओं और विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली को लेकर भी चर्चा हुई।

इसके बाद विधायक हेमंत बाग ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डा रामप्रसाद राय को 22 सूत्रीय शिकायत एवं मांग पत्र सौंपा। उन्होंने अस्पताल की समस्याओं के शीघ्र समाधान और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार की मांग की।

पत्रकारों से बातचीत में विधायक ने कहा कि आम लोगों के इलाज के मामले में किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। प्रत्येक विभाग में नियमित निगरानी रखनी होगी और मरीजों के साथ मानवीय व्यवहार सुनिश्चित करना होगा। लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिले, इस दिशा में प्रशासन को और गंभीरता से काम करना चाहिए।

विधायक के इस अचानक निरीक्षण से अस्पताल परिसर में हलचल मच गई। स्थानीय लोगों के एक वर्ग ने उम्मीद जताई कि इससे अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा और मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर