हुंडई मोटर को चेन्नई प्लांट एक में प्रोडक्शन 22 जून तक सामान्य होने की उम्मीद
- DSS Admin
- Jun 10, 2026
नई दिल्ली, 10 जून (हि.स)। दक्षिण कोरियाई ऑटोमोबाइल निर्माता हुंडई मोटर कंपनी की भारतीय सहायक कंपनी हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड (एचएमआईएल) को चेन्नई प्लांट एक में 22 जून तक सभी उत्पादन सामान्य होने की उम्मीद है। इस संयंत्र में आग लगने से अस्थायी रूप से सेवाएं प्रभावित हुई हैं।
हुंडई मोटर इंडिया ने बुधवार को शेयर बाजार को एक रेगुलेटरी अपडेट में जानकारी दी कि तमिलनाडु के कांचीपुरम जिले के इरुंगट्टुकोट्टई स्थित सप्लायर 'मोबिस इंडिया लिमिटेड' की फैसिलिटी में 31 मई को दोपहर में आग लगने के कारण चेन्नई प्लांट 1 में प्रोडक्शन में जो रुकावट आई है, जिसके 22 जून तक ठीक होने की उम्मीद है। इसका रिटेल सेल्स पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। कंपनी ने कहा कि यह व्यवधान मुख्य रूप से चेन्नई संयंत्र-1 तक सीमित है, जबकि पुणे संयंत्र और चेन्नई संयंत्र-2 में संचालन पर न्यूनतम प्रभाव पड़ा है। चेन्नई संयंत्र-1 में 15 जून तक जबकि सभी इकाइयों में 22 जून तक उत्पादन गतिविधियां पूरी तरह सामान्य होने का अनुमान है।
कंपनी ने कहा कि वह मोबिस इंडिया में लगी आग के समग्र परिचालन पर प्रभाव का अभी आकलन कर रही है। कंपनी को उम्मीद है कि इस बाधा से हुए अधिकांश उत्पादन नुकसान की भरपाई अगली तिमाही में कर ली जाएगी। हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड ने निवेशकों और ग्राहकों को आश्वस्त किया कि निकट अवधि में खुदरा बिक्री पर कोई उल्लेखनीय असर नहीं पड़ेगा।
---------------

