आईआईटी दिल्ली का दबदबा कायम , क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में 118वां स्थान
- DSS Admin
- Jun 18, 2026
नई दिल्ली, 18 जून (हि.स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान दिल्ली (आईआईटी) ने क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में शानदार प्रदर्शन करते हुए वैश्विक स्तर पर 118वां स्थान हासिल किया है। पिछले वर्ष की 123वीं रैंकिंग की तुलना में संस्थान ने इस बार सुधार दर्ज किया है। इसके साथ ही आईआईटी दिल्ली लगातार देश का सर्वश्रेष्ठ शैक्षणिक एवं अनुसंधान संस्थान बना हुआ है।
क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 के अनुसार, आईआईटी दिल्ली ने भारतीय संस्थानों द्वारा अब तक प्राप्त सर्वोच्च वैश्विक रैंकिंग की बराबरी भी कर ली है। संस्थान की रैंकिंग में सुधार के पीछे कई प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों में उल्लेखनीय प्रगति रही है।
एम्प्लॉयर रेपुटेशन श्रेणी में आईआईटी दिल्ली ने 11 स्थानों की छलांग लगाकर वैश्विक स्तर पर 39वां स्थान प्राप्त किया है। यह संकेत इस बात का आकलन करता है कि वैश्विक नियोक्ता किस संस्थान के छात्रों को रोजगार के लिए सबसे अधिक तैयार मानते हैं। इसी प्रकार, एम्प्लॉयमेंट आउटकम्स श्रेणी में संस्थान ने 60 स्थानों का उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया है। यह संकेतक स्नातकों की रोजगार क्षमता तथा विभिन्न क्षेत्रों में उनके नेतृत्व और प्रभाव को दर्शाता है। साइटेशन्स प्रति फैकल्टी संकेतक में भी आईआईटी दिल्ली ने 26 स्थानों का सुधार किया है। यह मानक विश्वविद्यालयों द्वारा किए गए वैज्ञानिक अनुसंधान की गुणवत्ता और उसके प्रभाव का आकलन करता है।
इस उपलब्धि पर आईआईटी दिल्ली के डीन (योजना) एवं रैंकिंग सेल के प्रमुख प्रो. सोमनाथ बैद्य रॉय ने कहा कि संस्थान विश्वस्तरीय और किफायती तकनीकी शिक्षा प्रदान करने तथा वैश्विक शोधार्थियों की पसंदीदा मंजिल बनने के लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नया पाठ्यक्रम, आधुनिक अवसंरचना और बढ़ती अंतरराष्ट्रीय सहभागिता आने वाले वर्षों में संस्थान की गुणवत्ता और प्रभाव को और सुदृढ़ करेगी। उन्होंने कहा कि रैंकिंग संस्थान का लक्ष्य नहीं, बल्कि उसके कार्यों का परिणाम है।
पिछले चार वर्षों में आईआईटी दिल्ली ने अपनी वैश्विक रैंकिंग में 79 स्थानों का सुधार किया है। वर्ष 2024 में संस्थान 197वें स्थान पर था, जो अब बढ़कर 118वें स्थान पर पहुंच गया है। उल्लेखनीय है कि मार्च 2026 में जारी क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग बाय सब्जेक्ट में आईआईटी दिल्ली के कई इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी विषयों ने विश्व के शीर्ष 50 विषयों में स्थान बनाया था। इनमें इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस, केमिकल इंजीनियरिंग और सिविल इंजीनियरिंग शामिल हैं। इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी श्रेणी में आईआईटी दिल्ली ने वैश्विक स्तर पर 36वां स्थान प्राप्त कर देश में अपनी अग्रणी स्थिति बरकरार रखी थी।
---------------

