ओडिशा से मेरठ ले जाया जा रहा था 10.710 किलो गांजा, रायपुर में अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

रायपुर, 1 जुलाई (हि. स.)। राजधानी रायपुर में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने उत्तर प्रदेश के एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से 10.710 किलोग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 5.45 लाख रुपये बताई गई है।

बुधवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 जून 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली कि, थाना गंज क्षेत्र स्थित राजपूताना होटल के सामने हनुमान मंदिर के पास एक युवक बैग में गांजा लेकर कहीं जाने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी की।

पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अभिषेक कुमार (19 वर्ष ) निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश बताया। बैग की तलाशी लेने पर उसमें 10.710 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से गांजा और एक मोबाइल फोन जब्त किया। आरोपित के खिलाफ थाना गंज में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने बताया कि, वह गांजा ओडिशा से लेकर मेरठ जा रहा था। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाल रही है तथा मामले में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश और पूछताछ जारी है।

   

सम्बंधित खबर