भारत-बांग्लादेश के बीच मिताली, बंधन और मैत्री एक्सप्रेस के दोबारा शुरू होने की उम्मीद
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
सिलीगुड़ी, 03 जुलाई (हि.स.)। लंबे इंतजार के बाद भारत और बांग्लादेश के बीच एक बार फिर रेल सेवाएं शुरू होने की उम्मीद तेज हो गई है। ‘मिताली एक्सप्रेस’ के दोबारा पटरी पर लौटने के साथ-साथ ‘बंधन और मैत्री एक्सप्रेस’ के भी पुनः संचालन की संभावना जताई जा रही है। दोनों देशों के बीच कूटनीतिक स्तर पर बातचीत और बांग्लादेश में भारतीय वीजा केंद्रों के पूर्ण रूप से फिर से चालू होने से यह उम्मीद और मजबूत हुई है।
सूत्रों के अनुसार, दोनों देशों के रेलवे अधिकारियों के बीच लगातार बैठकें हो रही हैं, जिनमें ट्रेनों के रूट, ट्रैक की स्थिति और अन्य जरूरी बुनियादी ढांचे का जायजा लिया जा रहा है। यदि सभी तैयारियां समय पर पूरी हो जाती हैं, तो इसी महीने के भीतर ट्रेन सेवाएं फिर से शुरू हो सकती हैं।
उत्तर-पूर्व सीमांत रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि मिताली एक्सप्रेस के संचालन को लेकर अभी कोई निश्चित तारीख तय नहीं की गई है। उच्च स्तर के निर्देश पर ट्रैक और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर की स्थिति का आकलन किया जा रहा है और रिपोर्ट संबंधित विभागों को भेजी जा रही है।
गौरतलब है कि, 2024 के जुलाई-अगस्त में बांग्लादेश में आंतरिक अशांति और राजनीतिक बदलाव के चलते सुरक्षा कारणों से भारत सरकार ने मैत्री, बंधन और मिताली तीनों यात्री ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से बंद कर दिया था। हालांकि, यात्री ट्रेनों के बंद रहने के बावजूद दोनों देशों के बीच व्यापारिक गतिविधियों को बनाए रखने के लिए मालगाड़ियों का संचालन जारी रखा गया।
बांग्लादेश में नई सरकार के गठन और हालात में सुधार के बाद दोनों देशों के बीच संबंधों में फिर से गर्माहट आई है। इसी के चलते यात्री ट्रेनों को दोबारा शुरू करने की दिशा में पहल तेज हुई है।
बताया जा रहा है कि हाल ही में दोनों देशों के रेलवे अधिकारियों की दूसरी बैठक में वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए ट्रेनों के संचालन को लेकर प्रारंभिक सहमति बनी है।
करीब दो साल बाद भारत ने बांग्लादेशी नागरिकों के लिए वीजा जारी करना भी फिर से शुरू कर दिया है, जिससे पर्यटन और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में बांग्लादेशी नागरिक इलाज और अन्य जरूरतों के लिए भारत आते हैं, जो इन ट्रेनों के फिर से शुरू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, रेलवे बोर्ड से हरी झंडी मिलते ही ट्रेनों के संचालन की तारीखों की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी। रेल सेवाएं बहाल होने से भारत और बांग्लादेश के बीच न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि द्विपक्षीय व्यापार और सांस्कृतिक संबंध भी और मजबूत होंगे।
उल्लेखनीय है कि, ‘मिताली एक्सप्रेस’ की शुरुआत 2022 में न्यू जलपाईगुड़ी जंक्शन से ढाका कैंटोनमेंट के बीच हुई थी। ‘बंधन एक्सप्रेस’ 2017 में कोलकाता से खुलना के बीच शुरू हुई, जबकि भारत और बांग्लादेश के बीच पहली यात्री ट्रेन ‘मैत्री एक्सप्रेस’ 2008 में कोलकाता और ढाका के बीच शुरू की गई थी।--------------

