नशा मुक्त अभियान के तहत किश्तवाड़ में इंटर-जोनल जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आगाज

नशा मुक्त अभियान के तहत किश्तवाड़ में इंटर-जोनल जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आगाज


युवा सेवा एवं खेल विभाग (वाईएसएस) किश्तवाड़ द्वारा 100 दिवसीय नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान और यूथ एंगेजमेंट प्रोग्राम के तहत एएजी बालकों की इंटर-जोनल जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन किया गया। प्रतियोगिताएं ऐतिहासिक चौगान मैदान सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय बॉयज किश्तवाड़ और सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय गर्ल्स किश्तवाड़ में आयोजित की जा रही हैं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपायुक्त किश्तवाड़ पंकज कुमार शर्मा ने प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया। यह आयोजन महानिदेशक युवा सेवा एवं खेल जम्मू-कश्मीर अनुराधा गुप्ता के निर्देशों, उपायुक्त के पर्यवेक्षण तथा जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी जफ्फर हैदर शेख के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।

उद्घाटन अवसर पर उपायुक्त ने सभी खिलाड़ियों और प्रतिभागियों को नशा मुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। डीसी ने बताया कि प्रतियोगिता में जिले के छह जोनों के विद्यार्थी भाग ले रहे हैं और आगामी एक महीने से अधिक समय तक कुल 23 खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। सभी निर्धारित प्रतियोगिताओं के समापन के बाद ओवरऑल विजेताओं का चयन किया जाएगा।

उन्होंने युवा सेवा एवं खेल विभाग किश्तवाड़ की सराहना करते हुए कहा कि विभाग नशा मुक्त अभियान के तहत युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करने के लिए लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

अपने संबोधन में जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी जफ्फर हैदर शेख ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि विभाग जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं की ऊर्जा को रचनात्मक गतिविधियों की ओर मोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न जोनों से आए सैकड़ों खिलाड़ियों ने खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल और वुशु प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

   

सम्बंधित खबर