एमएच-सीईटी परीक्षा में गड़बड़ी, सचिन सावंत ने की जांच की मांग
- DSS Admin
- May 19, 2026
मुंबई, 19 मई (हि.स.)। नीट परीक्षा लीक मामले के बाद अब कांग्रेस नेता सचिन सावंत ने एमएच-सीईटी परीक्षा में गड़बड़ी का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
कांग्रेस के दादर स्थित तिलक भवन कार्यालय में मंगलवार को प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सावंत ने कहा कि कुछ विद्यार्थियों ने 10वीं और 12वीं में 35 से 51 प्रतिशत के बीच मार्क्स लाए थे, उन्होंने सीईटी में 99.97 से 100 प्रतिशत अंक लाए हैं। उन्होंने दावा किया कि एक छात्र ने 10वीं में गणित में 22 और 12वीं में 33 अंक लाने के बावजूद सीईटी में 99.97 प्रतिशत अंक हासिल किया है। सीईटी में 100 नंबर लाने वाले कई छात्रों के 12वीं गणित में 35 से 60 प्रतिशत के बीच नंबर थे।
सावंत ने आरोप लगाया कि यह डेटा सीईटी और बोर्ड परीक्षा के इवैल्यूएशन में बड़ी गड़बड़ी दिखाता है। उन्होंने इस बारे में उच्च व तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल से सफाई मांगी है। उन्होंने यह भी मुद्दा उठाया कि एमएच-सीईटी परीक्षा रूम में कई वर्षों से वही अधिकारी काम कर रहे हैं। इस मामले की उच्चस्तरीय जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। विद्यार्थियों के भविष्य के साथ जो खिलवाड़ रोका जाए।
---------------

