जैतपुरी के ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट घेरा, वन विभाग की कार्रवाई से आक्रोशित

धमतरी, 19 मई (हि.स.)। नगरी ब्लाॅक के अंतिम छोर पर बसे ग्राम जैतपुरी में वन विभाग की कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर घेराव किया और वन अधिकारियों पर मारपीट, महिलाओं से दुर्व्यवहार एवं निर्दोष लोगों को झूठे मामलों में फंसाने के आरोप लगाए। प्रदर्शन को कांग्रेस विधायकों और जिला कांग्रेस पदाधिकारियों का भी समर्थन मिला, जिन्होंने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और ग्रामीणों को न्याय दिलाने की मांग की।

सोमवार को ग्राम जैतपुरी में वन विभाग की टीम अतिक्रमण और वर्षों से हो रही पेड़ों की कटाई के मामलों में कार्रवाई के लिए पहुंची थी। इस दौरान उदंती-सीतानदी अभ्यारण के उप निदेशक डीएफओ वरुण जैन और अन्य वन अमले पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम में मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसके बाद मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और वन विभाग की कार्रवाई के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए परिसर का घेराव किया। इस दौरान पुलिस प्रशासन की टीम मौजूद थी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि 18 मई को वन विभाग की टीम गांव पहुंची थी, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों ने घरों में घुसकर लोगों के साथ दुर्व्यवहार किया। इस दौरान महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई और निर्दोष लोगों को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी गई।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि वन विभाग की कार्रवाई से गांव में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है, जिससे लोग दहशत में हैं। पूर्व जिला पंचायत सदस्य मनोज कुमार साक्षी ने आरोप लगाया कि सोमवार को ग्राम जैतपुरी में वन विभाग द्वारा दमनात्मक कार्रवाई की गई, जिसके विरोध में ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि गांव में उस समय शादी का माहौल था, जब वन विभाग की 40 से 50 लोगों की टीम पहुंची और घर-घर जाकर युवकों व महिलाओं को बाहर निकाला गया। ग्रामीणों के विरोध करने पर झूमाझटकी की स्थिति भी बनी। उन्होंने बताया कि वन विभाग के उप निदेशक ने अपने ऊपर जानलेवा हमले का आरोप लगाया है, जिसका ग्रामीण खंडन करते हैं। वन विभाग की कार्रवाई के कारण ही कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ी। पूरी घटना के लिए वन विभाग जिम्मेदार है और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो 34 गांवों के लोग मिलकर उग्र आंदोलन करेंगे।

वन विभाग के अधिकारियों के खिलाफ की जाए कार्रवाई

जैतपुरी गांव में वन विभाग की कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल ग्रामीणों के समर्थन में पहुंचा। कांग्रेस नेताओं और ग्रामीणों ने एसपी से मुलाकात कर वन विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार और वन विभाग पर आदिवासी उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। यदि न्याय नहीं मिला तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष तारिणी चंद्राकर, सिहावा विधायक अंबिका मरकाम, धमतरी विधायक ओंकार साहू, पूर्व विधायक द्वय लेखराम साहू, डा लक्ष्मी ध्रुव, पूर्व जिलाध्यक्ष मोहन लालवानी, शरद लोहाना, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष राजेंद्र सोनी, कैलाश प्रजापति, बिंदा नेताम, अख्तर खान, योगेश शर्मा, अरविंद दोषी, विशु देवांगन सहित कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

---------------

   

सम्बंधित खबर