रायगढ़ पुलिस का खौफ, सट्टा खाईवाल जसमीत बग्गा ने एसपी ऑफिस में किया आत्मसमर्पण
- DSS Admin
- May 19, 2026
रायगढ़, 19 मई (हि.स.)। जिले में रायगढ़ पुलिस का ऑपरेशन अंकुश के तहत ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क के विरुद्ध चल रही लगातार कार्रवाई के बीच रायगढ़ के एक और सट्टा खाईवाल जसमीत बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया। आरोपित आज मंगलवार काे एसपी कार्यालय पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के समक्ष प्रस्तुत हुआ और सट्टे के अवैध कारोबार से हमेशा के लिए तौबा कर समाज की मुख्यधारा में जुड़कर नया जीवन शुरू करने की बात कही।
इस दौरान एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आरोपित को स्पष्ट शब्दों में कहा कि रायगढ़ पुलिस की निगरानी में सट्टा और अन्य अवैध कारोबार से जुड़े सभी लोग हैं। फरारी ज्यादा दिनों तक नहीं चलती, पुलिस हर हाल में अपराधियों तक पहुंचती है। उन्होंने आरोपित को अपराध से दूर रहकर सामाजिक जीवन अपनाने की सलाह दी।
आरोपित जसमीत बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार (40 वर्ष) निवासी गोपी टॉकीज, हेप्पी ट्रेवल्स के बगल, रायगढ़ ने बताया कि फरारी के दौरान वह लगातार डर और तनाव में जी रहा था तथा परिवार की चिंता उसे परेशान कर रही थी। उसने भविष्य में किसी भी प्रकार के सट्टा अथवा अवैध गतिविधियों में शामिल नहीं होने की बात कही।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित जसमीत बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार सट्टा खाईवाल आरोपित करन चौधरी उर्फ करन अग्रवाल के नेटवर्क का संचालन संभालता था और स्वयं भी बड़ा सट्टा खाईवाल बन चुका था। घरघोड़ा में पकड़े गए गौतम भोजवानी तथा रायपुर के कई बड़े सट्टा खाईवालों मोहित सोमानी एवं प्रकाश वाधवानी के साथ उसके संबंध और सट्टा संचालन के प्रमाण मिले हैं। थाना प्रभारी साइबर निरीक्षक विजय चेलक द्वारा आरोपित जसमीत बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार को हिरासत में लेकर आगे की गिरफ्तारी, जब्ती आदि की कार्रवाई की जा रही है । पुलिस द्वारा हवाला रकम के लेन-देन में उसकी भूमिका की भी विस्तृत जांच की जा रही है।
आईपीएल सट्टा नेटवर्क के 6 आरोपिताें की गिरफ्तारी
26 अप्रैल को साइबर सेल, थाना कोतवाली और थाना घरघोड़ा की संयुक्त टीम ने रायगढ़ शहर एवं घरघोड़ा क्षेत्र में ऑनलाइन आईपीएल सट्टा नेटवर्क पर एक साथ दबिश देकर छह आरोपिताें सोनू देवांगन निवासी नया गंज कोष्टापारा रायगढ़, हर्षित देवांगन निवासी नया गंज कोष्टापारा रायगढ़, भरत गोयल लैलुंगा रोड घरघोडा, गौतम भोजवानी कन्या शाला के पीछे साईराम कालोनी घरघोडा, लक्ष्मीनारायण सिदार वार्ड नं. 13 घरघोडा, सागर गुप्ता वार्ड नं. 02 कन्या शाला के पीछे घरघोडा, सात मोबाईल कीमती करीब ढाई लाख रूपये नगदी रकम- 15,490 रूपये की जब्ती हुई थी ।
गिरफ्तार आरोपिताें से जसमीत सिंह बग्गा के नेटवर्क का खुलासा
गिरफ्तार आरोपिताें ने रायगढ़ के खाईवाल करन चौधरी और जसमीत सिंह बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार के इशारे पर पूरे नेटवर्क के संचालन की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने टेक्निकल इनपुट, कॉल डिटेल, चैट रिकॉर्ड, डिजिटल ट्रेल और फाइनेंशियल एनालिसिस के जरिए पूरे सिंडिकेट की परत-दर-परत जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपित करन चौधरी और जसमीत बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार लंबे समय से रायगढ़, सक्ती, रायपुर, बिलासपुर से लेकर दिल्ली तक फैले नेटवर्क के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का संचालन कर रहा था। सट्टे से प्राप्त बड़ी रकम को सीधे अपने पास न रखकर वह परिचित कारोबारियों, पेट्रोल पंप, मेडिकल स्टोर और अन्य व्यावसायिक चैनलों के माध्यम से कैश डंप करता था, जिसे बाद में हवाला चैनल के जरिए आगे ट्रांसफर किया जाता था।
---------------

