जशपुर : किराना दुकान से लाखों की चोरी, माल खरीदने वाले दुकानदार समेत छह आरोपित गिरफ्तार

चोरी के आरोपित गिरफ्तारचोरी के आरोपित गिरफ्तार

जशपुर, 19 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ की जशपुर जिला पुलिस ने शहर के एक प्रतिष्ठित किराना व्यापारी की दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले का महज कुछ ही दिनों में पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात में शामिल पांच मुख्य चोरों और चोरी का माल खरीदने वाले झारखंड के एक दुकानदार समेत कुल छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का राशन सामान, नकद राशि और वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो भी जब्त कर लिया है।

जिला पुलिस कार्यालय से मंगलवार काे जारी विज्ञप्ति के अनुसार यह पूरा मामला जशपुर के लक्ष्मी गुडी मंदिर के पास स्थित 'विक्रम किराना दुकान' का है। दुकान के संचालक मधुबन टोली निवासी विक्रम ताम्रकार (37 वर्ष) ने थाना सिटी कोतवाली जशपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 8 मई 2026 की रात वह अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगली सुबह 9 मई को उनके ड्राइवर ने फोन पर सूचना दी कि दुकान के शटर का ताला टूटा हुआ है। जब व्यापारी ने मौके पर पहुंचकर देखा, तो दुकान के भीतर से भारी मात्रा में खाद्य सामग्री गायब थी। अज्ञात चोरों ने शटर का ताला तोड़कर करीब एक लाख रुपये मूल्य के हरी केशरी कंपनी के रिफाइन तेल के 60 डिब्बे, 25 कट्टा चावल और अन्य सामान पार कर दिया था। पीड़ित की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने एसडीओपी चंद्रशेखर परमा के नेतृत्व में चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस टीम ने जब घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और साइबर सेल की मदद ली, तो कुछ स्थानीय युवकों की भूमिका संदिग्ध पाई गई। संदेह के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर नवाटोली निवासी वीरेंद्र भगत उर्फ लड्डू (29 वर्ष), कार्तिक भगत (26 वर्ष), बनिया टोली निवासी अजय रवानी (40 वर्ष) और सरना टोली निवासी पमित बरला (20 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

कड़ी पूछताछ में आरोपितों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उन्होंने करबला रोड निवासी नवाजिश खान (34 वर्ष) के साथ मिलकर इस चोरी की योजना बनाई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद उन्होंने चोरी का सारा सामान नवाजिश खान के ऑटो (क्रमांक जेएच-07-ई-7736) में लादा और झारखंड ले जाकर बेच दिया। चोरों ने इस माल को झारखंड के गुमला जिला अंतर्गत जारी थाना क्षेत्र के ग्राम सकतारा में दुकान चलाने वाले अमृत लाल केरकेट्टा (50 वर्ष) को बेचा था।

इस खुलासे के बाद जशपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए झारखंड के गुमला से चोरी का माल खरीदने वाले दुकानदार अमृत लाल केरकेट्टा को धर दबोचा। वहीं, पुलिस की भनक लगते ही फरार हुए पांचवें मुख्य आरोपित नवाजिश खान को साइबर टीम की मदद से सिमडेगा (झारखंड) से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी किए गए माल में से 13 लीटर वाले 58 डिब्बे रिफाइन तेल, 7 बोरी चावल, 15 पाउच रिफाइन तेल, 34 बोतल सरसों तेल, एक पेटी साबुन और 36 पैकेट सिगरेट बरामद कर ली है। इसके साथ ही सामान बेचने से मिले 1,005 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त ऑटो भी जब्त किया गया है।

पुलिस ने कार्रवाई पूरी करते हुए पांच आरोपितों वीरेंद्र भगत, अजय रवानी, कार्तिक भगत, पमित बरला और खरीदार अमृत लाल केरकेट्टा को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि सिमडेगा से पकड़े गए आरोपित नवाजिश खान को भी आज मंगलवार काे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस बड़ी कामयाबी में एसडीओपी चंद्रशेखर परमा, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, साइबर सेल के उप निरीक्षक नसीरुद्दीन अंसारी, प्रधान आरक्षक अनंत मिराज किस्पोट्टा, आरक्षक अनूप भगत समेत कोतवाली टीम के प्रधान आरक्षक राजेश पाल, आरक्षक उपेंद्र सिंह, नगर सैनिक थानेश्वर देशमुख और रवि डनसेना की सराहनीय भूमिका रही। डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने पुलिस टीम की पीठ थपथपाते हुए कहा कि जशपुर में अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर