फिल्मी अंदाज में 50 लाख के गहनों पर हाथ साफ करने वालीं पंजाब की दो महिलाएं गिरफ्तार, पूरा सामान बरामद
- DSS Admin
- Jul 01, 2026
शिमला, 01 जुलाई (हि.स.)। शिमला के लोअर बाजार में भीड़भाड़ के बीच एक व्यक्ति के स्लिंग बैग से करीब 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हुईं पंजाब की दो महिलाओं की फिल्मी अंदाज वाली योजना आखिरकार नाकाम साबित हुई। वारदात के बाद दोनों महिलाएं पुलिस को गुमराह करने के लिए हिमाचल के कई जिलों से घूमते हुए पंजाब पहुंच गईं, लेकिन जिला शिमला पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, साइबर तकनीक और तकनीकी विश्लेषण की मदद से उनका पीछा नहीं छोड़ा। महज तीन दिनों के भीतर पुलिस ने दोनों आरोपियों को पंजाब से गिरफ्तार कर लिया और चोरी हुए सभी आभूषण भी बरामद कर लिए।
यह मामला 25 जून को सामने आया था, जब जिला शिमला निवासी खुब सिंह ठाकुर ने थाना सदर में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में उन्होंने बताया कि लोअर बाजार में खरीदारी के दौरान अज्ञात महिलाओं ने उनके स्लिंग बैग से बहुमूल्य सोने और चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। चोरीशुदा संपत्ति में लगभग 40 तोला सोने के आभूषण और करीब 250 ग्राम चांदी के आभूषण शामिल थे। इनकी कुल कीमत लगभग 45 से 50 लाख रुपये आंकी गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिमला पुलिस ने तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। साथ ही तकनीकी साक्ष्य जुटाकर साइबर सेल की मदद से संदिग्ध महिलाओं और उनके वाहन की पहचान की गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात के बाद आरोपी महिलाओं ने सीधे पंजाब का रास्ता नहीं लिया।
उन्होंने पुलिस को भ्रमित करने के उद्देश्य से नारकंडा, लुहरी, कींगल, कुल्लू, मंडी और बिलासपुर के रास्ते लंबा सफर तय किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उन्होंने यह रूट इसलिए चुना था, जिससे प्रमुख नाकाबंदी और सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी से बचा जा सके।
तकनीकी निगरानी और लगातार जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 28 जून को पंजाब में दोनों महिलाओं का पता लगा लिया। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर 39 वर्षीय चन्द्रवती पत्नी बबलू, निवासी पटियाला, पंजाब और 40 वर्षीय रेखा पत्नी श्याम, निवासी राजपुरा, जिला पटियाला, पंजाब को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से शिकायतकर्ता के लगभग 40 तोला सोने के आभूषण और 250 ग्राम चांदी सहित पूरी चोरीशुदा संपत्ति बरामद कर ली। पुलिस के अनुसार चोरी हुए सभी आभूषण शत-प्रतिशत बरामद कर लिए गए हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेहर पंवर ने बताया कि बरामद किए गए गहनों की कीमत करीब 45 से 50 लाख रुपये है। उन्होंने कहा कि मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित की गई थी, जिसने तकनीकी जांच और टीमवर्क के बल पर कम समय में आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तार दोनों महिलाओं को अदालत में पेश किया गया, जहां से 2 जुलाई तक का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस अब मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और दोनों आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वे अन्य क्षेत्रों में इसी तरह की वारदातों में शामिल रही हैं या नहीं।
---------------

