तमिलनाडु गैस रिसाव हादसे में रेस्क्यू किए गए झारखंड के सभी 42 प्रवासी श्रमिक सुरक्षित लौटे घर
- DSS Admin
- Jul 02, 2026
रांची, 02 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के कड़े निर्देशों और राज्य सरकार की त्वरित कार्रवाई से तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में हुए अमोनिया गैस रिसाव हादसे से बचाए गए झारखंड के सभी 42 प्रवासी श्रमिक सकुशल और सुरक्षित अपने-अपने घर गुरुवार को पहुंच गए हैं। मुख्यमंत्री के आदेश पर श्रम विभाग और राज्य प्रवासी श्रमिक नियंत्रण कक्ष की ओर से चलाए गए सघन रेस्क्यू और राहत अभियान के बाद इन सभी श्रमिकों की गृह राज्य एवं उनके पैतृक गांवों तक सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की गई।
तमिलनाडु के सेंट पीटर्स एंड पॉल सीफूड्स एक्सपोर्ट्स फैसिलिटी में 21 जून 2026 को हुई दुःखद औद्योगिक दुर्घटना के बाद, झारखंड सरकार के विशेष अनुरोध पर रेलवे प्रशासन की ओर से अलप्पुझा–धनबाद एक्सप्रेस में एक विशेष स्लीपर कोच की व्यवस्था की गई थी। चेन्नई सेंट्रल से रवाना होकर सभी 42 श्रमिक सकुशल झारखण्ड पहुंचे, जहां से वे प्रशासन के सहयोग से अपने-अपने गृह जिलों और घरों के लिए रवाना हुए। यात्रा के दौरान श्रमिकों के लिए भोजन, पानी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। अपने परिवार के बीच सुरक्षित पहुंचने पर श्रमिकों ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
---------------

