नगर निगम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान में कई दुकानदारों से वसूला जुर्माना

देवघर, 10 जून (हि.स.)। शहर को अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से देवघर नगर निगम ने बुधवार को विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।

अभियान के तहत टॉवर चौक से आजाद चौक तक सड़क और नालियों पर अतिक्रमण कर व्यवसाय करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। नगर निगम के अधिकारियों और कर्मियों की टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण कर सड़क और नालियों के बाहर सामान रखकर दुकानदारी करने वाले दुकानदारों को चिन्हित किया। जांच के दौरान कई दुकानदारों की ओर से नालियों और सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण किए जाने की बात सामने आई, जिससे आम लोगों की आवाजाही और जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।

अभियान के दौरान निगम की टीम ने अतिक्रमण हटवाने के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों से जुर्माना भी वसूला। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक स्थलों, सड़कों और नालियों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर निगम ने सभी दुकानदारों से निर्धारित सीमा के भीतर ही दुकान संचालित करने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मौके पर मौजूद निगम अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। नाले के बाहर दुकान लगाने वालों पर जुर्माना लगाया गया है और उन्हें दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि अतिक्रमण के कारण आम लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती है, इसलिए शहरवासियों के हित में यह कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम की इस कार्रवाई से अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों में हड़कंप देखा गया।

---------------

   

सम्बंधित खबर