नशा मुक्ति अभियान के तहत जागरूकता रैली और शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन

रामगढ़, 17 जून (हि.स.)। डीसी के मार्गदर्शन और झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के सहयोग से जिले के सभी प्रखंडों में मादक पदार्थों के दुरुपयोग और अवैध तस्करी की रोकथाम के लिए नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

बुधवार को स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की दीदियों, ग्राम संगठन (विओ) की कार्यकारिणी समिति के सदस्यों, जेंडर सीआरपी, पंचायत समिति सदस्यों, वार्ड सदस्यों और अन्य सामुदायिक कैडरों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

रैली के माध्यम से ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों, परिवार और समाज पर इसके नकारात्मक प्रभाव एवं नशामुक्त जीवन के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों और ग्रामीणों को मादक पदार्थों के सेवन से दूर रहने एवं अपने गांव एवं समुदाय को नशामुक्त बनाने के लिए शपथ दिलाई गई।

साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं और अवैध मादक पदार्थों की सूचना संबंधित विभागों को दें। नशा मुक्ति अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में जागरूकता बढ़ाकर नशे की समस्या को जड़ से समाप्त करना और स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज का निर्माण करना है।

---------------

   

सम्बंधित खबर