देवघर, 15 जून (हि.स.)। नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सोमवार को उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने समाहरणालय परिसर से नए ऑटोमेटिक सीएनजी कचरा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर उन्होंने नगर निगम और एमएसडब्ल्यूएम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि आधुनिक वाहनों के माध्यम से शहर में त्वरित और प्रभावी कचरा उठाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध हो सके।
मीडिया से बातचीत में उपायुक्त ने कहा कि पर्यावरण अनुकूल सीएनजी से संचालित ये वाहन शहर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। नई गाड़ियों की कचरा संग्रहण क्षमता 2200 लीटर है, जबकि पहले संचालित वाहनों की क्षमता 1800 लीटर थी। अधिक क्षमता के कारण अब ज्यादा मात्रा में कचरा संग्रहण संभव होगा। इन आधुनिक वाहनों में गीला, सूखा, हानिकारक (हजार्डस) और मेडिकल कचरे के पृथक संग्रहण के लिए चार अलग-अलग खंड बनाए गए हैं। साथ ही इनमें पूर्णतः स्वचालित हाइड्रोलिक सिस्टम लगाया गया है, जिससे कचरे का संग्रहण और उसके निष्पादन केंद्र तक परिवहन अधिक सुविधाजनक और प्रभावी होगा।
कार्यक्रम में रोहित सिन्हा, हीरा कुमार, रवि कुमार, कुलदीप कुमार, सागरी बराल, रोहित कुमार विद्यार्थी सहित नगर निगम एवं एमएसडब्ल्यूएम के कई अधिकारी उपस्थित थे।
---------------

