निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच से किसी भी लक्ष्य की प्राप्ति : राज्यपाल
- DSS Admin
- Jul 02, 2026


रांची, 02 जुलाई (हि.स.)। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने निरंतर परिश्रम, दृढ़ संकल्प और सकारात्मक सोच के बल पर कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सम्मान केवल किसी व्यक्ति का ही नहीं, बल्कि उसके माध्यम से परिश्रम, ईमानदारी, अनुशासन, सेवा-भाव और समर्पण जैसे जीवन-मूल्यों का भी सम्मान होता है। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सभी सम्मानित व्यक्तित्वों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां समाज, विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
राज्यपाल गुरुवार को यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया, झारखंड राज्य शाखा की ओर से रांची के आर्यभट्ट सभागार में आयोजित '7वें झारखंड एक्सीलेंस अवार्ड समारोह' बोल रहे थे।
राज्यपाल ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं और विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में केवल सफलता प्राप्त करने का ही नहीं, बल्कि एक अच्छा इंसान और प्रेरणादायी व्यक्तित्व बनने का भी संकल्प लें।
राज्यपाल ने कहा कि यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया जैसे संगठन युवाओं में साहसिक गतिविधियों, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। ऐसे प्रयास युवाओं के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के सशक्त निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश 'विकसित भारत 2047' के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। युवाओं को नवाचार, कौशल विकास, स्टार्ट-अप, खेल, फिटनेस तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए निरंतर प्रेरित किया जा रहा है।
उन्होंने सभी सम्मानित विभूतियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे अपने उत्कृष्ट कार्यों से समाज और राष्ट्र को निरंतर नई दिशा प्रदान करते रहेंगे।
मौके पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि 'एक्सीलेंस अवार्ड' केवल सम्मान नहीं, बल्कि उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति जिस भी क्षेत्र में कार्य करे, उत्कृष्टता को अपना लक्ष्य बनाए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 'विकसित भारत 2047' का लक्ष्य रखा है, जिसकी प्राप्ति में समाज के प्रत्येक क्षेत्र के लोगों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज भारत के युवा विश्व की अनेक प्रतिष्ठित बहुराष्ट्रीय कंपनियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस अवसर पर राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव एवं यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (झारखंड) के अध्यक्ष डॉ नितिन कुलकर्णी ने कहा कि संस्था प्रत्येक वर्ष इस प्रकार के सम्मान समारोह का आयोजन करती है।
उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्रहित और राष्ट्र निर्माण के कार्यों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि आज लेखन, कला, खेल, शिक्षा, सामाजिक सेवा तथा अन्य विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट पहचान स्थापित करने वाले प्रतिभाशाली व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जा रहा है। ऐसे सम्मान समाज में सकारात्मक प्रेरणा का संचार करते हैं तथा युवाओं को उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।
समारोह में लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से प्रो गोपाल पाठक को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त साहित्य के क्षेत्र में पंकज दुबे, अभिनय एवं सिनेमा के क्षेत्र में राजेश कुमार, समाज सेवा, सामुदायिक विकास एवं जननेतृत्व के क्षेत्र में रौशनी खलखो, स्पोर्ट्स एंकरिंग के लिए ऋद्धिमा पाठक, स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में डॉ प्रेम, थियेटर एवं परफॉर्मिंग आर्ट्स के क्षेत्र में राकेश रमण, पत्रकारिता के क्षेत्र में संजय मिश्रा, शिक्षा के क्षेत्र में प्रो एके चटोराज, ऑनलाइन एजुकेटर अवार्ड से साक्षी जैन, ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में सुनील आर्यंत, खेल के क्षेत्र में शुभालक्ष्मी शर्मा और एल पलटोदीप सिंह, इवेंट प्लानिंग के क्षेत्र में प्रशांत सूरज, अभिनय (इमर्जिंग टैलेंट) श्रेणी में राजू तिर्की, पत्रकारिता (इमर्जिंग टैलेंट) श्रेणी में वैशाली राज और फिल्म मेकिंग के क्षेत्र में इम्तियाज़ अली को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विधायक सीपी सिंह, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, शिक्षाविद्, समाजसेवी, खिलाड़ी, युवा तथा बड़ी संख्या में अन्य लोग उपस्थित थे।
---------------

