रांची, 10 जून (हि.स.)। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो बुधवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एनडीए की उच्चस्तरीय बैठक में शामिल हुए।
इस अवसर पर उन्हों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सबसे लंबे समय तक देश का निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाने के लिए बधाई दी। साथ ही भगवान बिरसा मुंडा का चित्र भेंट किया।
सुदेश महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने कार्यकाल के 4,399 दिन पूरे कर लिए हैं, जिससे वे आजाद भारत में सबसे लंबे समय तक अनवरत रूप से सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं।
इस उपलब्धि पर आयोजित बैठक के दौरान 12 वर्षों की सफल उपलब्धियों को रेखांकित किया गया और आगामी विकास और राजनीतिक रणनीतियों पर गहन मंथन हुआ। उन्होंने प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए कहा कि आपके दृढ़ नेतृत्व, अथक परिश्रम, जन-विश्वास और राष्ट्र के प्रति समर्पण और नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, वैश्विक प्रतिष्ठा और आत्मनिर्भरता की दिशा में अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। सुदेश ने प्रधानमंत्री के स्वस्थ, सुखद और दीर्घायु जीवन एवं राष्ट्र निर्माण के इस सतत अभियान की निरंतर सफलता की कामना की।
बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, एनडीए शासित राज्यों के सभी मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और गठबंधन के प्रमुख सहयोगी दलों के नेता शामिल हुए।
---------------

