
— अगरबत्ती के बीच छुपाकर उड़ीसा से शिवपुरी ले जा रहे थे खेप
झांसी, 15 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय नशा तस्कर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब 1.75 करोड़ रुपये कीमत का 350 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। तस्कर उड़ीसा से गांजे की खेप लेकर झांसी के रास्ते मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले जा रहे थे। पुलिस ने गांजा ले जा रहे ट्रक के साथ उसकी निगरानी कर रही एक कार भी जब्त कर ली है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में सोमवार को बताया कि 14 जून को तस्करों के बारे में थाना रक्सा पुलिस और एएनटीएफ झांसी की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी। इसके बाद थाना रक्सा क्षेत्र स्थित सिजवाहा तिराहा (एनएच-44, ललितपुर मार्ग) पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान पुलिस ने एक ट्रक और उसके आगे चल रही कार को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान ट्रक में अगरबत्ती के सामान के बीच छिपाकर रखे गए 350 किलोग्राम अवैध गांजे की खेप बरामद हुई। पुलिस ने मौके से चार आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार तस्करों में शिवपुरी निवासी मुन्ना लाल झा, ग्वालियर का बालगोविंद ओझा, ग्वालियर के मोहाना निवासी संजय अग्रवाल और संजय गौर शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से गांजा तस्करी के धंधे में लिप्त हैं। वे उड़ीसा से सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। इस बार भी उन्होंने उड़ीसा से गांजे की बड़ी खेप खरीदी थी और उसे ट्रक में छिपाकर ले जा रहे थे। ट्रक के आगे कार को पायलट वाहन के रूप में लगाया गया था, ताकि रास्ते में पुलिस गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
इस कार्रवाई में थाना रक्सा के प्रभारी निरीक्षक डॉ. उदय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक अंकुश चौहान सहित थाना रक्सा और एएनटीएफ की टीम के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। एसएसपी ने बताया कि गांजा तस्करी के इस बड़े नेटवर्क के संबंध में आगे की जांच जारी है तथा सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।
--------------------

