प्राकृतिक खेती से किसान होंगे समृद्ध, पर्यावरण भी रहेगा सुरक्षित : केशव प्रसाद मौर्य

झांसी, 19 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्राकृतिक खेती भारत की प्राचीन और वैज्ञानिक कृषि पद्धति है, जो किसानों को कम लागत में बेहतर उत्पादन देने के साथ उनकी आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे भूमि की उर्वरता बनी रहेगी, पर्यावरण संरक्षित होगा और लोगों को सुरक्षित एवं पौष्टिक खाद्यान्न उपलब्ध होगा।

उपमुख्यमंत्री शुक्रवार को झांसी के दीनदयाल सभागार में आयोजित प्राकृतिक खेती कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व उनके झांसी आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की तथा बरुआसागर में आयोजित प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम में सहभागिता की। बरुआसागर स्थित कंपनी बाग में वृक्षारोपण कर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

झांसी प्रवास के दौरान उन्होंने सदर बाजार में वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा, अमर क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा तथा जीवनशाह में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके अलावा सदर और कैंट विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रमों में भी भाग लिया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से मिट्टी की गुणवत्ता तथा मानव स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे में प्राकृतिक खेती समय की आवश्यकता बन गई है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती के माध्यम से किसान आत्मनिर्भर बन सकते हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित कर सकते हैं।

उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीबों के उत्थान के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान जैसी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह एवं भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष प्रदीप पटेल ने संयुक्त रूप से की। इस अवसर पर सांसद, विधायक, एमएलसी, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में किसान और नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विनोद नायक ने किया।

---------------

   

सम्बंधित खबर