सीयू के शाहपुर परिसर में 21 और 22 मई को होगा अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन
- DSS Admin
- May 19, 2026
धर्मशाला, 19 मई (हि.स.)।हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के शाहपुर परिसर में पृथ्वी एवं पर्यावरण विज्ञान विभाग द्वारा विश्वविद्यालय के सहयोग तथा विज्ञान भारती के संयुक्त तत्वावधान में विश्व पर्यावरण दिवस एवं अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के उपलक्ष्य में 21 और 22 मई को द्वितीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन : पर्यावरणीय स्थिरता, जलवायु अनुकूलन एवं आपदा प्रबंधन-2026 का आयोजन किया जा रहा है।
यह अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन पर्यावरणीय स्थिरता, जैव विविधता संरक्षण, जलवायु परिवर्तन एवं आपदा प्रबंधन जैसे समकालीन वैश्विक विषयों पर ज्ञान, शोध एवं नवाचार के आदान-प्रदान हेतु एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा। सम्मेलन में देश-विदेश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं एवं विशेषज्ञों की सहभागिता रहेगी।
सीयू के प्रवक्ता ने बताया कि सम्मेलन में रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन तथा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद सहित विभिन्न राष्ट्रीय संस्थानों के विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे। इसके अतिरिक्त विदेशों से भी प्रख्यात विशेषज्ञ एवं वैज्ञानिक सम्मेलन में भाग लेकर अपने विचार एवं शोध अनुभव साझा करेंगे। अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञों के व्याख्यान विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे।
सम्मेलन अध्यक्ष एवं अधिष्ठाता प्रो. दीपक पंत ने बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन एवं आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में विचार-विमर्श को बढ़ावा देना, विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को अपने शोध कार्य प्रस्तुत करने हेतु मंच उपलब्ध कराना तथा भविष्य के शोध एवं नवाचार क्षेत्रों की पहचान करना है। इस सम्मेलन के माध्यम से विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को अपने डिसर्टेशन एवं शोध कार्य को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर प्राप्त होगा।
प्रतिभागियों को अपने शोध कार्यों को पोस्टर एवं मौखिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रस्तुत करने का अवसर प्राप्त होगा। सम्मेलन में प्रत्येक थीम के अंतर्गत श्रेष्ठ सार, श्रेष्ठ मौखिक प्रस्तुति एवं श्रेष्ठ पोस्टर प्रस्तुति को सम्मानित भी किया जाएगा।

