प्रदेश के समग्र विकास को समर्पित सुक्खू सरकार का तीसरा बजट : कांग्रेस
- Admin Admin
- Mar 17, 2025

धर्मशाला, 17 मार्च (हि.स.)। प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए पेश किया गया बजट जिला कांगड़ा में पर्यटन विकास के साथ-साथ गांव-गरीब को सशक्त करने की प्रतिबद्धता लेकर आया है। पर्यटन विकास निगम के उपाध्यक्ष आर.एस. बाली, उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक देहरा कमलेश ठाकुर व विधायक ज्वालामुखी संजय रतन ने जारी संयुक्त प्रेस बयान में मुख्मंत्री की दूरदर्शिता की सराहना करते हुए बजट को जिला कांगड़ा के नवोत्थान का द्योतक बताया है। प्रदेश में वर्ष 2025-26 के लिए 58 हजार 514 करोड़ का बजट पेश करते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिला कांगड़ा के प्रत्येक वर्ग के हितों की चिंता की है।
अंतरराष्ट्रीय पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित होगा कांगड़ा : बाली
आर.एस बाली ने कहा कि यह बजट जिले को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने और आमजन को आत्मनिर्भर बनाने की एक विस्तृत योजना लेकर आया है। मुख्यमंत्री ने जिला कांगड़ा को प्रदेश की पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने के अपने संकल्प को दोहराते हुए इसे एक अंतरराष्ट्रीय पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने की प्रतिबद्धता जाहिर की है। उन्होंने गगल स्थित हवाई अड्डे के विस्तारीकरण के लिए भू-अधिग्रहण का कार्य निर्धारित समय अवधि में पूरा करने की बात कही। इसके लिए सरकार ने 3 हजार करोड़ रूपये के बजटीय प्रावधान की घोषणा की।
बाली ने कहा कि इसके साथ पालमपुर और रक्कड़ में हेलीपोर्ट के निर्माण कार्य को भी मूर्त रूप दिया जाएगा। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए धर्मशाला में आईस स्केटिंग रिंक का निर्माण, पालमपुर और नगरोटा बगवां का सौन्दर्यीकरण तथा माता श्री ज्वालाजी मन्दिर के सौन्दर्यीकरण के लिए मुख्यमंत्री ने बजट में घोषणा की। धर्मशाला को पर्यटन के साथ-साथ इवेंट सिटी के तौर पर विकसित करने के लिए धर्मशाला के तपोवन में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के कनेवेंशन सेंटर के निर्माण के लिए 200 करोड़ रूपये का प्रावधान बजट में किया गया।
जिला कांगड़ा के पौंग डैम क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को विकसित करने के साथ जिले में स्वास्थ्य पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नगरोटा सूरियां, खब्बल व साथ लगते क्षेत्रों में वेलनेस सेंटर का निर्माण किया जाएगा। इसके अवाला प्रदेश में पर्यटन के क्षेत्र में युवाओं को स्वरोजगार उपलब्ध करवाने की दृष्टि से ‘‘मुख्यमंत्री पर्यटन स्टार्ट-अप योजना’’ शुरू करने की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने अपने बजट भाषण में की।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था होगी सुदृढ़ : केवल पठानिया
बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्य सचेतक व विधायक शाहपुर केवल सिंह पठानिया ने कहा कि बजट जिले के किसानों, पशुपालकों, छात्रों, महिलाओं, बुजुर्गों और पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों के लिए असीम संभावनाओं का पिटारा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने बजट में जिला कांगड़ा के ढगवार दुग्ध संयंत्र में डेयरी डेवलेपमेंट योजना के तहत नई केंद्रीय परीक्षण प्रयोगशाला की स्थापना की घोषणा की। प्रदेश में ड्रोन टैक्सी उपलब्ध करवाने की योजना बनाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने ड्रोन टेक्नोलॉजी इंटरवेंशन से कृषि एवं बागवानी के क्षेत्रों में आधुनिकीकरण के दृष्टिगत जिला कांगड़ा में ड्रोन स्टेशन स्थापित करने की घोषणा की।
बजट में महिलाओं को मिला अधिमान : कमलेश ठाकुर
देहरा विधानसभा क्षेत्र की विधायक कमलेश ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बजट भाषण में महिलाओं को अधिमान देते हुए जिले में कामकाजी महिलाओं की आवासीय जरूरतों को पूरा करने के उद्देश्य पालमपुर, लुथान, नगरोटा बगवां और चनौर इंडस्ट्रियल एरिया में कामकाजी महिला छात्रावास के निर्माण करने की घोषणा की है। इसके अलावा जिला कांगड़ा में कॉलेज की छात्राओं के लिए 4 होस्टल बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने बजट भाषण में देहरा के बनखंडी में अंतरराष्ट्रीय स्तर के जूलॉजिकल पार्क के निर्माण के साथ एक प्लेनेटेरियम स्थापित करने की घोषणा भी की।
बकौल कमलेश, बनखंडी में बनने वाला प्लेनेटेरियम पर्यटन के साथ-साथ देशभर से विज्ञान में रूचि रखने वाले छात्रों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा।
कमलेश ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार के तीसरे बजट में मुख्यमंत्री ने जिला कांगड़ा के स्वास्थ्य का भी पूरा ध्यान रखा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतिंदर धलारिया