नशे की हालत में डंगे से नीचे गिरा युवक, मौत

धर्मशाला, 10 जून (हि.स.)। जिला मुख्यालय धर्मशाला के साथ लगते खनियारा क्षेत्र के तहत थाथरी गांव में एक युवक की पैर फिसलने से गिरने के बाद मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान थाथरी निवासी 29 वर्षीय प्रभात कुमार पुत्र स्वरूप कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे अपने चचेरे भाई कमलेश कुमार के साथ कार में पटोला-थातरी रोड़ से घर लौट रहा था। बीच रास्ते में प्रभात कुमार शौच के लिए वाहन से नीचे उतरा। बताया जा रहा है कि वह नशे की हालत में था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह डंगे से नीचे गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद परिजन उसे उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला ले गए। वहां प्राथमिक उपचार देने के बाद चिकित्सकों ने उसे टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया। बुधवार को उपचार के दौरान प्रभात कुमार ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों तथा प्रत्यक्षदर्शियों के ब्यान दर्ज किए हैं। सभी ने युवक की मौत को हादसा बताते हुए किसी भी व्यक्ति पर संदेह व्यक्त नहीं किया है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।

उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस थाना धर्मशाला की ओर से मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

   

सम्बंधित खबर