कटनी पुलिस ने चंदन तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, छह आरोपित गिरफ्तार

कटनी 3 जुलाई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के कटनी जिले की माधवनगर थाना पुलिस ने चंदन के पेड़ों की चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी किए गए चंदन की लकड़ी के टुकड़े भी बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि 14 मार्च 2026 को कमलेश कुशवाहा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम छहरी स्थित शंकर सिंधी के चंदन और आंवला बगीचे से 8-9 मार्च की रात अज्ञात बदमाश 15 चंदन के पेड़ काटकर ले गए थे। इसके अलावा 15 अन्य पेड़ों के तनों को भी काटकर नुकसान पहुंचाया गया था। शिकायत के आधार पर माधवनगर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल आरोपित सतना जिले में मौजूद हैं। इसके बाद स्थानीय पुलिस के सहयोग से उन्हें पकड़कर प्रोडक्शन वारंट पर कटनी लाया गया और पूछताछ की गई।

जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्य साधु-संत या फेरीवालों का वेश धारण कर माला, रुद्राक्ष और पूजा सामग्री बेचने के बहाने पहले इलाके की रेकी करते थे। मौका मिलने पर रात के समय महिला और पुरुष सदस्य मिलकर चंदन के पेड़ काटकर चोरी कर लेते थे।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ सीमावर्ती सतना जिले में भी इसी तरह के अपराध दर्ज हैं। मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

   

सम्बंधित खबर