खड़गपुर में वृद्ध सास की पिटाई का वीडियो वायरल, पुलिस ने बहू को किया गिरफ्तार

खड़गपुर, 01 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में वृद्ध सास के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपित बहू को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद इलाके में लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।

जानकारी के अनुसार, घटना खड़गपुर के वार्ड संख्या 19 स्थित खरिदा बाजार इलाके की है। आरोप है कि करीब 90 वर्षीय वृद्ध महिला को उनकी बड़ी बहू ने जूते और झाड़ू से बेरहमी से पीटा। परिवार की दूसरी बहू ने इसका विरोध किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई।

बताया जा रहा है कि परिवार की दूसरी बहू ने ही घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो वायरल होने के बाद मंगलवार शाम स्थानीय लोगों ने आरोपित महिला के घर के सामने विरोध प्रदर्शन किया। घटना की जानकारी मिलने पर खड़गपुर महिला थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपित बहू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस घटना की पूरे खड़गपुर में निंदा हो रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर