पिक अप वैन से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
- DSS Admin
- May 19, 2026
भागलपुर, 19 मई (हि.स.)। जिले के जगदीशपुर थाना पुलिस ने मंगलवार को सन्हौला मोड़ के पास एक गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वैन से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद किया है। पुलिस ने मौके से दो अंतरराज्यीय शराब तस्करों को भी गिरफ्तार करने में में सफलता हासिल की है।
जगदीशपुर थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड के रास्ते शराब की एक बड़ी खेप बिहार में खपाने के लिए ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए सन्हौला मोड़ के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वैन को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन चौकस जवानों ने घेराबंदी कर गाड़ी को रोक लिया। जब पुलिस टीम ने जब्त पिकअप वैन की तलाशी ली, तो अधिकारी भी हैरान रह गए। गाड़ी के भीतर शातिर तरीके से छिपाकर रखे गए कुल 90 कार्टन बरामद हुए।
इन सभी कार्टनों को खोलने पर भारी मात्रा में विदेशी शराब की बोतलें मिलीं। पुलिस के अनुसार, जब्त की गई शराब की कुल मात्रा लगभग 1122 लीटर आंकी गई है, जिसकी बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। मामले की जानकारी देते हुए जगदीशपुर थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों तस्करों से कड़ाई से पूछताछ की गई है। पूछताछ में तस्करों ने कबूल किया कि वे इस अवैध खेप को झारखंड के धनबाद से लोड करके लाए थे।
शराब की इस बड़ी खेप को बिहार के सहरसा जिले में किसी बड़े सिंडिकेट को सप्लाई किया जाना था, लेकिन भागलपुर में ही पुलिस ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ बिहार उत्पाद अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि कागजी और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब सहरसा और धनबाद के उन सफेदपोशों और मुख्य माफियाओं की तलाश में जुट गई है, जो इस पूरे नेटवर्क को ऑपरेट कर रहे थे।
पुलिस तस्करों के मोबाइल सीडीआर के जरिए स्थानीय संपर्कों को भी खंगाल रही है, ताकि इस रैकेट की पूरी कड़ियों को नेस्तनाबूद किया जा सके। यह घटना दर्शाती है कि कड़ाई के बावजूद तस्कर नए-नए रूटों का इस्तेमाल कर बिहार में शराब पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन भागलपुर पुलिस की मुस्तैदी ने एक बार फिर उनके नेटवर्क को तोड़ दिया है।
---------------

