बरेली में लेखपाल 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार

बरेली, 01 जुलाई (हि.स.)। भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) बरेली की टीम ने बुधवार को राजस्व लेखपाल को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपित लेखपाल पर खेत की तूदाबंदी कराने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।

प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि शाकिर अली जाे मोहल्ला बाबूजई, थाना कोतवाली शाहजहांपुर का निवासी है, ने शिकायत की थी कि उनकी माता दिलशाद बानो के खेत की तूदाबंदी करने के लिए राजस्व लेखपाल योगेश कुमार तिवारी ने उनसे 10 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद टीम ने मामले की जांच कर ट्रैप की योजना बनाई।

बुधवार को ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने नया बाईपास फ्लाईओवर के नीचे कार्रवाई की। इस दौरान राजस्व लेखपाल योगेश कुमार तिवारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद आरोपित के खिलाफ थाना कटरा जनपद शाहजहांपुर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। शिकायत की सत्यता पाए जाने पर नियमानुसार ट्रैप की कार्रवाई की गई और आरोपित को रिश्वत की रकम के साथ गिरफ्तार किया गया है। भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतों पर आगे भी प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

-----------------

   

सम्बंधित खबर