आकाशीय बिजली का कहर: 39 भेड़ और एक बकरी की मौत, चरवाहे को लाखों का नुकसान
- DSS Admin
- Jun 18, 2026

धमतरी, 18 जून (हि.स.)। धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम डुमरपाली में आकाशीय बिजली गिरने से 39 भेड़ों और एक बकरी की दर्दनाक मौत हो गई। तेज गर्जना और मूसलाधार बारिश के बीच हुई इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। राजस्थान से अपने पशुधन के साथ पहुंचे चरवाहे को इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मगरलोड पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार राजस्थान से आए चरवाहे अपने भेड़-बकरियों के साथ ग्राम डुमरपाली स्थित एक नर्सरी के पास ठहरे हुए थे। 17 जून की रात अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान आकाशीय बिजली सीधे उस स्थान पर गिरी, जहां भेड़-बकरियां मौजूद थीं। बिजली की चपेट में आने से 39 भेड़ों और एक बकरी की मौके पर ही मौत हो गई। रात के अंधेरे में हुई इस घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। गुरुवार सुबह सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पहुंची और जांच कार्रवाई शुरू की। चरवाहे ने बताया कि मृत पशुओं की कीमत लाखों रुपये है, जिससे उसे भारी आर्थिक क्षति हुई है। अचानक हुई इस प्राकृतिक आपदा ने चरवाहे की आजीविका पर गहरा आघात पहुंचाया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।

