हर-हर महादेव-भोलेनाथ के भक्तों के स्वागत को तैयार लखनपुर, अमरनाथ यात्रियों के लिए हाईटेक सुविधाओं से सजा यात्री सुविधा केंद्र
- DSS Admin
- Jun 30, 2026
कठुआ, 30 जून (हि.स.)। पवित्र श्री अमरनाथ जी यात्रा 2026 को लेकर लखनपुर स्थित यात्री सुविधा केंद्र पूरी तरह तैयार हो चुका है। भोलेनाथ के भक्तों के स्वागत के लिए यहां अत्याधुनिक और व्यापक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और परेशानी मुक्त यात्रा का अनुभव मिल सके।
इस केंद्र पर यात्रियों की सुविधा के लिए 6 एफआरआईडी कार्ड जारी करने के काउंटर और 12 ई केवाईसी काउंटर स्थापित किए गए हैं जिससे पंजीकरण प्रक्रिया तेज और सुचारु रूप से पूरी हो सके। साथ ही लगभग 1000 श्रद्धालुओं की क्षमता वाले वाटरप्रूफ हैंगर भी बनाए गए हैं जहां यात्री आराम, ठहराव और मनोरंजन की सुविधाएं ले सकेंगे। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ठंडे पेयजल, स्नानघर, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा लखनपुर और जम्मू मार्ग पर 24 घंटे लंगर की सुविधा उपलब्ध रहेगी। श्रद्धालुओं के आध्यात्मिक अनुभव को और समृद्ध बनाने के लिए भजन संध्या और लाइव धार्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। स्वास्थ्य सेवाओं के तहत केंद्र पर 7 बेड का अस्पताल, आयुष ओपीडी और आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था की गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत चिकित्सा सहायता मिल सके। आयुष टीम द्वारा योग प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किए जाएंगे जिससे यात्री अपनी शारीरिक क्षमता को बेहतर बना सकें।
सुरक्षा के लिहाज से केंद्र पर मल्टी-लेयर सिक्योरिटी सिस्टम लागू किया गया है जिसमें एक्स-रे बैगेज स्कैनिंग मशीन, फ्रिस्किंग प्वाइंट और अन्य सुरक्षा इंतजाम शामिल हैं। यात्रियों को हर प्रकार की जानकारी देने के लिए 24 घंअे सूचना हेल्पडेस्क स्थापित किया गया है जिसमें बड़ी डिजिटल स्क्रीन भी लगाई गई है। यहां सूचना, पर्यटन और ट्रैफिक विभाग की टीमें मौजूद रहेंगी, जो यात्रा से जुड़ी हर जरूरी जानकारी, मार्गदर्शन और अपडेट उपलब्ध कराएंगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने 35 लॉजमेंट सेंटर भी तैयार किए हैं जहां करीब 10,000 यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने बताया कि जिला प्रशासन श्री अमरनाथ यात्रियों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि लखनपुर यात्री सुविधा केंद्र को एक मल्टी-फैसिलिटी हब के रूप में विकसित किया गया है, जहां यात्रियों को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यहां केवल ई केवाईसी और एफआरआईडी कार्ड जारी किए जाएंगे जबकि नई रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध नहीं है। जिन यात्रियों ने पहले ही ई केवाईसी करवा ली है उन्हें केवल एफआरआईडी कार्ड प्राप्त करना होगा। गौरतलब है कि 1 जुलाई 2026 को कठुआ प्रशासन लखनपुर से यात्रियों को जम्मू बेस कैंप के लिए रवाना करेगा। जम्मू से पहला जत्था 2 जुलाई को रवाना होगा जो 3 जुलाई को पवित्र श्री अमरनाथ गुफा में दर्शन करेगा। बम-बम भोले के जयकारों के साथ अब बस यात्रा शुरू होने का इंतजार है और लखनपुर पूरी श्रद्धा व तैयारी के साथ शिवभक्तों के स्वागत को तैयार खड़ा है।
---------------

