गाड़ी टकराने के विवाद में पड़ोसी पर जानलेवा हमला

जोधपुर, 18 जून (हि.स.)। महामंदिर थाना इलाके में घर के बाहर खड़ी गाड़ी के टक्कर लगने से गुस्साए पड़ोसी और उसके साथियों ने एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर दिया। बीच बचाव करने आई उसकी पत्नी के साथ भी मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल दंपती का इलाज मथुरादास माथुर अस्पताल में चल रहा है। पीडि़त के पुत्र की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार खेतानाड़ी शाह क्षेत्र निवासी कलाम पुत्र राशिद मोहम्मद ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि 17 जून की रात करीब 10 बजे उनके पिता राशिद मोहम्मद घरेलू गैस सिलेंडर लेकर घर लौट रहे थे। घर के बाहर वाहन खड़ा करते समय उनकी गाड़ी असंतुलित होकर पड़ोसी फारुख की कार से हल्के से टकरा गई। इस बात से नाराज होकर फारुख, उसका पुत्र सोहिल और फिरोज घर से बाहर आए तथा गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकियां देने लगे। आरोप है कि इसके बाद फिरोज ने अपने साथी शहबाज, सोहिल, आमीन, साजिद, शाकिर समेत अन्य लोगों को बुला लिया। सभी हथियारों और बेसबॉल बैट से लेकर आए और राशिद मोहम्मद पर हमला कर दिया। हमले के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची उनकी पत्नी पर भी बेसबॉल बैट से वार किए गए। घटना में राशिद मोहम्मद गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी को भी चोटें आईं। दोनों को पहले सैटेलाइट अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने मथुरादास माथुर अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद पीडि़त के पुत्र की रिपोर्ट पर महामंदिर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।

   

सम्बंधित खबर