श्रीगंगानगर, चूरू और सीकर में छाया धूल का गुबार,8 डिग्री तक गिरा पारा

जयपुर, 15 जून (हि.स.)। पश्चिम विक्षोभ के चलते प्रदेश का मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। सोमवार को दोपहर बादल मौसम पलटा और श्रीगंगानगर, सीकर, कोटपुतली-बहरोड़ और चूरू में धूल का गुबार देखने को मिला। 50 से 60 किलाेमीटर की रफ्तार से चली हवाओं के चलते दिन में ही अंधेरा छा गया। इसके चलते वाहन चालकों लाइट जलानी पड़ी। सोमवार को जयपुर सहित करीब आधा दर्जन से अधिक शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। प्रदेश के चार शहरों का दिन का पारा 40 डिग्री के पार रहा। 42.6 डिग्री के साथ फलौदी और 29.7 डिग्री के साथ जालोर की रात सबसे गर्म रही। आंधी बारिश के चलते अधिकांश शहरों के पारे में गिरावट दर्ज की गई। शहरों के तापमान में 2 से 8 डिग्री तक की गिरावट देखी गई।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को पिलानी, चूरू, श्रीगंगानगर, संगरिया, झुंझुनूं सहित अन्य शहरों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। इस दौरान कई स्थानों पर तेज रफ्तार हवाएं चली। इससे कई शहरों में धूल का गुबार देखने को मिला। श्रीगंगानगर में बादल छाए और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली। दिन में अंधेरा छा गया। इसकी वजह से गाडिय़ों की हेडलाइट जलानी पड़ी। इस दौरान बूंदाबांदी भी हुई। चूरू के सरदारशहर में रेत का बवंडर आया। सीकर में भी धूल का गुबार छा गया। कोटपूतली-बहरोड़ में पहले बवंडर आया और फिर बारिश हुई। अलवर में शाम को आंधी चली। फलौदी के अलावा जैसलमेर, बाड़मेर और वनस्थली का दिन का पारा 40 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि रविवार को राज्य के पूर्वी भाग में कुछ स्थानों पर मेघगर्जन,आंधी व हल्की से मध्यम वर्षा तथा पश्चिमी भाग में कहीं कहीं मेघगर्जन व हल्की वर्षा दर्ज की गई। राज्य में हीटवेव दर्ज नहीं की गई। राज्य में सर्वाधिक वर्षा खानपुर (झालवाड़) में 51.0 मिलीमीटर दर्ज की गई। निम्नतम न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस फतेहपुर (सीकर) में दर्ज किया गया।

जयपुर में दिनभर छितराए बादल छाए रहे और मध्यम गति की हवाएं चली। दोपहर बाद में काले घने बादल छाए और तेज हवाएं चलने के साथ कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हुई। इससे जयपुर के पारे में गिरावट दर्ज की गई। जयपुर के अधिकतम तापमान में 0.8 और न्यूनतम तापमान में 3.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।

---------------

   

सम्बंधित खबर