रूईधासा में बंद घर का ताला तोड़ लाखों की चोरी, जेवरात व नकदी ले उड़े चोर

किशनगंज, 29 जून (हि.स.)। शहर के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत रूईधासा में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, मकान मालिक का परिवार 26 जून को इलाज के सिलसिले में सिलीगुड़ी गया हुआ था।

इसी दौरान सूने घर का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और घर में प्रवेश कर वारदात को अंजाम दिया। सोमवार को पीड़ित सुभाजित ने बताया कि रविवार शाम जब वे परिवार के साथ वापस घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर प्रवेश करने पर अलमारी, लॉकर और कमरों के ताले टूटे हुए थे तथा सामान बिखरा पड़ा था। चोर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, लाखों रुपये नकद और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो चुके थे।

सुभाजित के अनुसार, घर से बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण, तीन से चार लाख रुपये नकद तथा अन्य मूल्यवान सामान चोरी हुआ है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक चोरी गए सामान की कुल कीमत छह लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

हालांकि परिवार चोरी गए सामान की विस्तृत सूची तैयार कर रहा है, जिसके बाद वास्तविक नुकसान का आकलन हो सकेगा। पीड़ित की मां रूना देवी ने भी घर से सोना-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी होने की पुष्टि की है।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने शहर में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की।

सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घर का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य जुटाने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है तथा जल्द ही घटना में शामिल चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

   

सम्बंधित खबर