कवर्धा : 15 जून से प्रारंभ होगा मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान का 14वां चरण
- DSS Admin
- Jun 14, 2026
कवर्धा, 14 जून (हि. स.)। जिले में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के अंतर्गत 14वां चरण दिनांक 15 जून 2026 से 14 जुलाई 2026 तक संचालित किया जाएगा।
इस अभियान का उद्देश्य वर्ष 2030 तक राज्य को पूर्णतः मलेरिया मुक्त बनाना तथा वर्ष 2027 तक शून्य स्थानीय मलेरिया प्रकरण प्राप्त करना है। इस दौरान समुदाय स्तर पर मलेरिया परजीवी के समूल उन्मूलन एवं संक्रमण श्रृंखला को समाप्त करने के लिए व्यापक स्तर पर सर्वेक्षण जांच, उपचार एवं जन-जागरुकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
सीएमएचओ डॉ. तूरे ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए सभी संबंधित स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण एवं बैठक आयोजित की जा चुकी है तथा मैदानी स्तर पर कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जा चुका है। विकासखंड बोड़ला के 114 ग्रामों में की 58,159 जनसंख्या को कवर करते हुए घर-घर जाकर मलेरिया जांच की जाएगी। इसके लिए 114 सर्वे दल गठित किए गए हैं जिनमें प्रत्येक दल में दो स्वास्थ्य कार्यकर्ता शामिल हैं। सर्वे के दौरान प्रत्येक घर में स्टिकर चस्पा किया जाएगा तथा जांच किए गए व्यक्तियों के पैर के अंगूठे के नाखून में नेल मार्किंग की जाएगी, जिससे दोहराव से बचा जा सके और शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित हो।
---------------

