दो कारों में आये नकाबपोश दबंगों ने बाइक सवार को मारी गोली, गम्भीर हालत में मेडिकल कॉलेज में एडमिट
- DSS Admin
- May 17, 2026
बहराइच, 17 मई (हि.स.)। देहात कोतवाली क्षेत्र के गोलवाघाट मरीमाता मन्दिर के निकट रविवार दोपहर में लॉ एंड ऑर्डर को धता बताते हुए बेखौफ दबंगों ने दिनदहाड़े एक बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। कोतवाली देहात क्षेत्र के मरी माता मंदिर के पास स्कोर्पियो और आई 20 कार में भरकर आए नकाबपोश दबंगों ने बाइक सवार युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। जानलेवा हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिसिया इकबाल को चुनौती देती दिन-दिहाड़े हुई वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
प्राप्त सूचना के अनुसार, दरगाह थाना क्षेत्र अंतर्गत सलारगंज के रहने वाले उत्कर्ष अपनी बाइक से जा रहा था, तभी बदमाशों ने उसे घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। उसके साथ बैठे सीतापुर निवासी नीरज पर भी दबंगों ने लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला बोल दिया, जिससे उसके सिर में गहरी चोट आ गई। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना पर स्थानीय ग्रामीण एकत्र हुए और दोनों लहूलुहान घायलों को तत्काल बहराइच मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहाँ उनका उपचार चल रहा है। पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्रा ने बताया कि तहरीरी सूचना के आधार पर नामजद आरोपितों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। घटना की गम्भीरता को देखते हुए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है। टीम द्वारा सीसीटीवी, ह्यूमन सर्विलांस, सीडीआर व अन्य साक्ष्यों के आधार पर शीघ्र ही आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी।

