निगम में आठ वर्षों से खड़ी 75 इलेक्ट्रिक गाड़ियों पर आआपा का सरकार पर हमला, जवाबदेही की मांग
- DSS Admin
- Jul 01, 2026
नई दिल्ली, 01 जुलाई (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के सिविक सेंटर के बेसमेंट में पिछले आठ वर्षों से खड़ी 75 इलेक्ट्रिक गाड़ियों के मुद्दे को लेकर सरकार पर निशाना साधा। एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 में एमसीडी द्वारा खरीदी गई ये गाड़ियां आज तक उपयोग में नहीं लाई गईं, जिससे सार्वजनिक धन की बर्बादी हुई।
अंकुश नारंग ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि अधिकारियों के उपयोग के लिए अनुबंध के आधार पर ली गई इन इलेक्ट्रिक गाड़ियों का किराया पिछले आठ वर्षों में उनकी वास्तविक कीमत से भी अधिक हो चुका है, लेकिन इनका संचालन शुरू नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि एक ओर दिल्ली सरकार इलेक्ट्रिक वाहन नीति को बढ़ावा देने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर एमसीडी परिसर में 75 इलेक्ट्रिक गाड़ियां धूल फांक रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह मामला सरकार की कथनी और करनी के बीच अंतर को दर्शाता है। नारंग ने कहा कि वर्ष 2017 में जब इन गाड़ियों की खरीद हुई थी। उन्होंने वर्तमान महापौर प्रवेश वाही से इस पूरे मामले की जांच कराने और खरीद प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार अधिकारियों तथा तत्कालीन जनप्रतिनिधियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
आआपा नेता ने कहा कि यदि जांच में किसी भी अधिकारी या पूर्व पदाधिकारी की भूमिका सामने आती है तो उनके विरुद्ध उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक धन से खरीदी गई परिसंपत्तियों का वर्षों तक उपयोग न होना गंभीर प्रशासनिक लापरवाही का मामला है।
---------------------

