मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी आवश्यक : पेनू कुमारी
- DSS Admin
- Jun 19, 2026
मुरादाबाद, 19 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद के जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता विषय पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट एवं कैरियर काउंसलर पेनू कुमारी ने मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रस्तुतीकरण दिया।
अपने प्रस्तुतीकरण के दौरान पेनू कुमारी ने कहा कि शारीरिक स्वास्थ्य की तरह मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि स्वस्थ मन ही व्यक्ति के समग्र विकास एवं बेहतर जीवन की आधारशिला है। पेनू कुमारी ने आगे बताया कि वर्तमान समय में मानसिक तनाव, एंजायटी (चिंता), घबराहट, अवसाद, बाइपोलर डिसऑर्डर, पारिवारिक एवं वैवाहिक जीवन में तनाव, नशे की लत, क्रोध नियंत्रण की समस्या तथा बच्चों की उचित देखभाल एवं व्यवहार संबंधी चुनौतियां जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं।
जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया नेकहा कि मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को गंभीरता से लेने तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञों से परामर्श प्राप्त करने के लिए कहा।
--------------

