पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाकर जनता पर बोझ डाल रही केंद्र सरकार : जगत सिंह नेगी
- DSS Admin
- May 19, 2026
शिमला, 19 मई (हि.स.)। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने पेट्रोल और डीजल के दामों में पांच दिनों के भीतर दूसरी बार हुई बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सस्ते दामों पर कच्चा तेल खरीद रही है, लेकिन इसका फायदा देश की आम जनता को नहीं मिल रहा। इसके उलट लगातार टैक्स और सेस बढ़ाकर लोगों पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है।
जगत सिंह नेगी ने मंगलवार को कहा कि अंतरराष्ट्रीय हालात और युद्ध का हवाला देकर ईंधन के दाम बढ़ाना उचित नहीं है, क्योंकि वैश्विक स्तर पर ऐसे हालात लंबे समय से बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारत रूस सहित कई देशों से कच्चा तेल खरीद रहा है और सरकार को कम कीमत पर तेल मिल रहा है। इसके बावजूद देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें लगातार ऊंची बनी हुई हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार सस्ते दामों पर खरीदे गए कच्चे तेल को रिफाइन कर दूसरे देशों को निर्यात कर रही है, लेकिन भारतीय उपभोक्ताओं को राहत नहीं दी जा रही। नेगी ने कहा कि नेपाल और बांग्लादेश जैसे देशों को अपेक्षाकृत कम कीमतों पर तेल उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि भारत में आम लोगों को महंगा पेट्रोल और डीजल खरीदना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ते टैक्स और सेस के कारण लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों को लेकर भाजपा के दावों पर भी राजस्व मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि निकाय चुनावों की असली तस्वीर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के गठन के बाद ही साफ होगी। उनके मुताबिक भाजपा अभी से चुनाव नतीजों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रही है।
नेगी ने कहा कि कई जगह कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है, कुछ स्थानों पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी विजयी हुए हैं, जबकि कई जगह निर्दलीय उम्मीदवार भी जीते हैं। ऐसे में अंतिम राजनीतिक स्थिति का पता गठन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही चलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं की बयानबाजी का कोई मुकाबला नहीं है और वे हर मुद्दे पर बड़े-बड़े दावे करते हैं, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और होती है।
---------------

