सोनीपत: बीएसएफ में चयनित छह खिलाड़ियों काे विधायक ने किया सम्मानित
- Vijesh Sharma
- Jun 14, 2026

सोनीपत, 14 जून । हरियाणा
सेपक टेकरा एसोसिएशन के सदस्यों ने रविवार को हरियाणा प्रदेश सेपक टेकरा एसोसिएशन के
अध्यक्ष एवं विधायक निखिल मदान से उनके निवास पर मुलाकात की। इस दौरान बीएसएफ टीम में
चयनित खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया और खेल के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा
हुई।
विधायक
निखिल मदान ने सेपक टेकरा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बीएसएफ में चयनित खिलाड़ियों तन्नू,
सोनिका, हिमानी, पूजा, सोनू और उज्ज्वल को प्रशस्ति पत्र तथा नकद राशि देकर सम्मानित
किया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी
उपलब्धि अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा है।
एसोसिएशन के सचिव शमशेर सिंह ने बताया कि
हरियाणा के छह खिलाड़ियों ने सेपक टेकरा में शानदार प्रदर्शन के आधार पर बीएसएफ में
स्थान प्राप्त किया है। अब वे बीएसएफ की ओर से विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे।
मुलाकात के दौरान एसोसिएशन पदाधिकारियों ने सेपक टेकरा को हरियाणा की खेल नीति में
शामिल करने की मांग रखी। उनका कहना था कि इससे खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों और अन्य
खेल सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
इस पर
विधायक निखिल मदान ने भरोसा दिलाया कि वह जल्द ही खेल विभाग के अधिकारियों और खेल मंत्री
से मुलाकात कर सेपक टेकरा को हरियाणा की खेल नीति में शामिल कराने का प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर सचिव शमशेर सरोहा, जिला अध्यक्ष विजय हुड्डा, जितेंद्र, रेफरी आयोग के सदस्य
दशरथ रंगा, रेफरी अमित तिहाल, कोच सुमित सरोहा, राकेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी और
खिलाड़ी उपस्थित रहे।
---------------

