ब्रिक्स युवा उद्यमिता कार्य समूह की दो दिवसीय बैठक आज से इंदौर में

इंदौर, 20 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में ब्रिक्स युवा उद्यमिता कार्य समूह की दो दिवसीय बैठक आज शुरू होने जा रही है। सुदृढ़ता, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण विषय पर आयोजित इस बैठक में युवा उद्यमी तथा ब्रिक्स सदस्य देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक की अध्यक्षता भारत करेगा। इसका आयोजन युवा एवं खेल मंत्रालय का युवा कार्यक्रम विभाग कर रहा है।

जनसम्पर्क अधिकारी महिपाल अजय ने बताया कि इस कार्यक्रम को केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया वर्चुअली संबोधित करेंगे। इस बैठक के उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता केंद्रीय युवा मामले एवं खेल राज्यमंत्री रक्षा निखिल खडसे करेंगी। होटल मेरियट में होने वाले आयोजन में शासकीय विभागों एवं औद्योगिक इकाइयों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। रक्षा खड़से प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगी। मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग और युवा कार्यक्रम विभाग की सचिव डॉ. पल्लवी जैन गोविल भी अपने विचार व्यक्त करेंगी।

गौरतलब है कि ब्रिक्स कृषि समूह की बैठक इंदौर में 9 व 13 जून को होने वाली है। इसके पहले ब्रिक्स युवा उद्यमिता कार्य समूह (एंटरप्रेन्योर वर्किंग ग्रुप-ईडब्ल्यूजी) की मेजबानी इंदौर को मिली है। इस दो दिवसीय बैठक में ब्रिक्स समूह के प्रतिनिधि अपने देशों का प्रेजेंटेशन देंगे। इसमें वे अपने-अपने देशों के उद्यमिता इको सिस्टम, नवाचार माडल, युवा उद्यमिता पहल की जानकारी साझा की जाएगी। इसके अलावा डिजिटल नवाचार व तकनीकी अधारित नवाचार, समावेशी उद्यमिता, हरित उद्यमिता व जलवायु सकारात्मक व्यापार माडल पर पैनल चर्चा होगी।

21 मई : आईटी पार्क व पीथमपुर की फार्म इंडस्ट्री का करेंगे अवलोकन

बैठक के दूसरे दिन उद्यमिता क्षमता व नेतृत्व विकास पर आयोजित कार्यशाला में ब्रिक्स समूह देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। इसके बाद प्रतिनिधि दल क्रिस्टल आइटी पार्क का दौरा करेगा, जहां उन्हें प्रदेश में विकसित हो रहे आईटी एवं स्टार्टअप इकोसिस्टम की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा प्रतिनिधि पीथमपुर स्थित सिपला लिमिटेड कंपनी का भ्रमण कर फार्मास्यूटिकल उत्पादन एवं आधुनिक औद्योगिक प्रक्रियाओं का अवलोकन करेंगे।

---------------

   

सम्बंधित खबर