संघ प्रमुख मोहन भागवत आज से शहडोल के तीन दिन के प्रवास पर
- DSS Admin
- May 20, 2026
शहडोल, 20 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत आज मध्य प्रदेश के शहडोल आ रहे हैं। वे यहां तीन दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
सरसंघचालक डॉ. भागवत का पहली बार शहडोल आगमन हो रहा है। वे आज ट्रेन से कटनी पहुंचेंगे और सड़क मार्ग से शहडोल आएंगे। जिले में पहली बार उनके प्रवास के मद्देनजर जेड प्लस सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है, जिसमें लगभग 350 अधिकारी और जवान तैनात किए गए हैं। इनमें सीआईएसएफ, स्पेशल ब्रांच, जिला पुलिस और आसपास के जिलों से बुलाए गए सुरक्षा बल शामिल हैं।
सरसंघचालक डॉ. भागवत का मुख्य कार्यक्रम पांडव नगर स्थित सरस्वती स्कूल परिसर में आयोजित बौद्धिक शिविर में होगा। इस शिविर में 300 से अधिक शिक्षार्थी हिस्सा लेंगे। प्रवास के दौरान वे कई बौद्धिक और संगठनात्मक सत्रों में शामिल होंगे।
उनके आगमन को देखते हुए पांडव नगर इलाके को विशेष सुरक्षा घेरे में रखा गया है। स्कूल परिसर में 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था रहेगी, वहीं 500 मीटर के दायरे में ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच की जाएगी। सीसीटीवी निगरानी और मल्टीलेयर सिक्योरिटी सिस्टम भी तैयार किया गया है।
शहडोल के पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सरसंघ चालक का यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जिलेभर के स्वयंसेवकों और संघ कार्यकर्ताओं में उनके आगमन को लेकर खासा उत्साह है। डॉ. भागवत 22 मई की रात शहडोल से वापस रवाना होंगे।
---------------

