नई दिल्ली, 19 मई (हि.स.)। उत्तर-पश्चिमी जिले के जहांगीरपुरी इलाके में सोमवार को वैवाहिक विवाद के चलते एक युवक ने कथित तौर पर खुद को आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, 18 मई को थाना महेंद्र पार्क पुलिस को पीसीआर कॉल के माध्यम से जहांगीरपुरी में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां दीपांश चौधरी नामक युवक आग से बुरी तरह झुलसी हालत में मिला। पुलिस ने तत्काल युवक को बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।
उत्तर-पश्चिमी जिले की पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने मंगलवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और उसकी पत्नी के बीच काफी समय से वैवाहिक विवाद चल रहा था। दोनों के बीच चल रहे विवाद को लेकर पहले भी मामला सीएडब्लू सेल तक पहुंच चुका था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना वाले दिन भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। आरोप है कि विवाद के बाद युवक ने आत्महत्या की धमकी दी और फिर पत्नी के घर के बाहर खुद को आग लगा ली। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
---------------

