पन्ना में आईपीएल सट्टा खिलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार

पन्ना, 18 मई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के पन्ना पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले सटोरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन और कोतवाली थाना प्रभारी रोहित मिश्रा के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि आयुष शर्मा निवासी पुरुषोत्तमपुर और अमान खान निवासी धाम मोहल्ला, मोबाइल फोन के जरिए आईपीएल मैचों में हार-जीत का ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर दोनों आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी आईपीएल मैच दिल्‍ली कैपिटल और राजस्‍थान रॉयल्‍स के बीच खेले गए मुकाबले पर क्वाइन खरीदकर हार-जीत का दांव लगवा रहे थे।

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें सट्टा संचालन के लिए आईडी और पासवर्ड आनंद जड़िया नामक व्यक्ति उपलब्ध कराता था। इसके बदले उसे 30 प्रतिशत कमीशन दिया जाता था।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 112(2) और सट्टा अधिनियम की धारा 4(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी आनंद जड़िया की तलाश की जा रही है।

   

सम्बंधित खबर