
कोलकाता, 9 जून (हि.स.) ।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को आदिवासी नेता बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने उत्तर बंगाल के एक कॉलेज का नाम इस महान क्रांतिकारी के नाम पर रखा है। साथ ही उनके जन्मदिन के मौके पर पूरे राज्य में सार्वजनिक अवकाश भी घोषित किया गया है।
एक्स (पूर्व ट्विटर) पर ममता बनर्जी ने लिखा, जॉय जोहार। बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर मेरी विनम्र श्रद्धांजलि। हमें गर्व है कि उत्तर बंगाल के एक कॉलेज का नाम हमने इस वीर विद्रोही के नाम पर रखा है। इसके अलावा, उनके जन्मदिन को राज्य में सार्वजनिक अवकाश घोषित कर हम उन्हें सम्मानित करते हैं। मैं एक बार फिर इस महान आदिवासी नायक को अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं।
बिरसा मुंडा की मृत्यु 9 जून, 1900 को रांची की पुरानी सेंट्रल जेल में हुई थी। उनका जन्म 15 नवंबर, 1875 को हुआ था। उनके जन्मदिन को पूरे देश में 'जनजातीय गौरव दिवस' के रूप में मनाया जाता है।
बिरसा मुंडा को भारत के आदिवासी समाज में जननायक के रूप में याद किया जाता है, जिन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष करते हुए समाज को एकजुट किया।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर