जींद : कैबिनेट मंत्री ने बलिदानी मनीष को किया नमन

जींद, 21 दिसंबर (हि.स.)। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि सैनिक, खिलाड़ी तथा सिपाही सरीखे जवान देश की अमूल्य धरोहर होते हैं। ऐसे होनहार जवान का दुनिया से अकस्मात जाना समाज एवं राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति होता है। दिवंगत सैनिक मनीष कुमार भी इनमें से एक थे, जिनका आकस्मिक निधन परिवार के अलावा पूरे क्षेत्र, समाज तथा राष्ट्र के लिए भारी आघात है।

कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी रविवार को बलिदानी सैनिक मनीष कुमार के पैतृक गांव सुलेहड़ा स्थित उनके निवास पर पहुंचे और श्रद्धांजलि दी। कैबिनेट मंत्री ने मृतक सैनिक के परिवार से मुलाकात की और शोक संतप्त परिजनों का ढांढस बंधाया। कैबिनेट मंत्री ने मृतक सैनिक के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की और कहा कि मनीष कुमार का आकस्मिक निधन उनके परिजनों के लिए गहरा आघात ही नही बल्कि परिजनों के जीवन में नाकाबिले बर्दाश्त तथा लाइलाज चोट है।

कैबिनेट मंत्री ने शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी और साथ ही मृतक सैनिक की आत्मा की शांति तथा पीडि़त परिवार को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने के लिए परमात्मा से प्रार्थना की। गौरतलब है कि करीब 30 वर्षीय सैनिक मनीष कुमार का गत 18 दिसंबर को पश्चिम बंगाल स्थित एयरक्राफ्ट बेस में सुबह अभ्यास के बाद अचानक नस फटने से देहांत हो गया था। सुलेहड़ा निवासी मृतक सैनिक मनीष कुमार 2016 में सिख रेजीमेंट जालंधर में भर्ती हुए थे। इस वक्त वे डीएससी (डिफेंस सिक्योरिटी कोर) में बतौर सिपाही अपनी सेवाएं दे रहे थे। दिवंगत सैनिक अपने पीछे पिता जगदीश सिंह, माता सुदेश, पत्नी सुशीला तथा छोटा भाई सोनू छोड़ गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

   

सम्बंधित खबर