बिलावर के डिंगी सिम्बली में सड़क हादसा-सुकराला माता जा रही श्रद्धालुओं से भरी मैटाडोर पलटी, 23 घायल
- Neha Gupta
- Jun 24, 2026

कठुआ/बिलावर, 24 जून । बिलावर क्षेत्र के डिंगी सिम्बली इलाके में बुधवार को एक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें सुकराला माता मंदिर जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक मैटाडोर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई जबकि स्थानीय लोग तुरंत राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन में सवार कुल 23 श्रद्धालु घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलावर पहुंचाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद 11 घायलों को बेहतर इलाज के लिए जीएमसी कठुआ रेफर किया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने या जान-माल के बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। हादसे के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई जारी है।
इस संबंध में उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने बताया कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और घायलों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है ताकि राहत कार्य में कोई कमी न रहे। वहीं बिलावर के विधायक सतीश शर्मा भी घटना पर नजर बनाए हुए हैं और घायलों की स्थिति की नियमित जानकारी ले रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतें और वाहनों की गति नियंत्रित रखें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।
---------------

