परिक्रमा मार्ग की व्यवस्थाएं परखने आधी रात को सड़कों पर उतरे मथुरा के जिलाधिकारी
- DSS Admin
- May 20, 2026
-गोवर्धन सप्तकोसीय परिक्रमा मार्ग का किया पैदल निरीक्षण
मथुरा, 20 मई (हि.स.)। अधिक मास के पावन अवसर पर गिरिराज महाराज की नगरी गोवर्धन में उमड़ रहे आस्था के जनसैलाब के बीच प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और उनकी सहूलियत को देखते हुए जिलाधिकारी (डीएम) चंद्र प्रकाश सिंह ने स्वयं कमान संभाल ली है। बीती रात डीएम खुद सड़कों पर उतरे और गोवर्धन परिक्रमा मार्ग का पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी।
बीती रात करीब दो बजे तक चले इस निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परिक्रमा मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन का बारीकी से जायजा लिया। परिक्रमा मार्ग पर लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को कड़े और स्पष्ट निर्देश दिए। उन्हाेंने कहा कि अधिक मास के चलते प्रतिदिन लाखों की संख्या में श्रद्धालु गिरिराज महाराज की परिक्रमा के लिए देश-विदेश से ब्रज पहुंच रहे हैं। ऐसे में सभी संबंधित विभाग पूरी संवेदनशीलता और आपसी समन्वय (कोऑर्डिनेशन) के साथ काम करें ताकि किसी भी परिक्रमार्थी को कोई असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परिक्रमा मार्ग पर बने सार्वजनिक शौचालयों, स्वास्थ्य शिविरों, विश्राम शेडों, भंडारों और भोजन वितरण स्थलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाए तथा लगातार कूड़ा उठाया जाए। भीषण गर्मी को देखते हुए पूरे मार्ग पर पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील प्वाइंट्स पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केवल प्रशासनिक रिपोर्ट पर भरोसा नहीं किया, बल्कि मार्ग में चल रहे श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों से सीधा संवाद भी किया। उन्होंने लोगों से व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया और कुछ स्थानों पर मिली कमियों को देखते हुए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को तुरंत सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी के साथ अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमरेश कुमार, उप जिलाधिकारी (एसडीएम) गोवर्धन सुशील कुमार सिंह, तहसीलदार बृजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के आला अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहा।
गौरतलब है कि 17 मई से शुरू हुआ यह पावन अधिक मास मेला आगामी 15 जून तक चलेगा। इस एक महीने की अवधि में देश के कोने-कोने से लाखों-करोड़ों श्रद्धालु ब्रज चौरासी कोस और गोवर्धन की परिक्रमा करने पहुंच रहे हैं।

